हिमाचल प्रदेश में रविवार को सरकार ने 26वें जनमंच का आयोजन करवाया। कुल्लू जिले के दोहरानाला में जनमंच में पहुंचने से पहले शिल्ली राजगिरी के ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का घेराव किया। दूसरी ओर सोलन जिले के दभोटा जा रहे ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी को देव भूमि क्षत्रिय संगठन व देवभूमि सवर्ण संगठन की बद्दी व नालागढ़ इकाइयों ने काले झंडे दिखाए। संगठन के पदाधिकारियों ने उनके लिए गो बैक के नारे भी लगाए गए।
कुल्लू जिले में मंत्री महेंद्र ठाकुर को अपने वाहन से उतरकर लोगों की समस्या सुननी पड़ी। ग्रामीणों ने कहा कि दोहरानाला में शिल्ली राजगिरी को जोड़ने वाले पुल का काम 2017 में शुरू हुआ है, लेकिन पांच साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया। पंचायत शिल्ली राजगिरी के प्रधान डोला राम और अन्य लोगों ने बताया कि पुल न होने से लोगों को भवन निर्माण सामग्री और अन्य सामान घोड़ों के जरिये घरों तक पहुंचानी पड़ रही है। फल और सब्जियों के सीजन में ज्यादा परेशानी होती है।
इस पर मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को कहा कि ठेकेदार को पुल जल्द करने के लिए निर्देश दें।
उधर, सोलन जिले के देव भूमि क्षत्रिय संगठन व देवभूमि सवर्ण संगठन के पदाधिकारी ईश्वर ठाकुर, दभोटा इकाई के प्रधान जयपाल चंदेल समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने दभोटा गांव से पहले खेल मैदान में ऊर्जा मंत्री को काले झंडे दिखाकर गो बैक के नारे लगाए। सभी लोग मंत्री के काफिले के पीछे जनमंच की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां नहीं जाने दिया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार सवर्ण आयोग गठन के नाम पर सवर्ण समाज को गुमराह कर रही है।
26वें जनमंच में आईं 684 शिकायतें और मांगें, अधिकांश का निपटारा
प्रदेश के सभी 12 जिलों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में हुए 26वें जनमंच कार्यक्रम में 684 शिकायतें और मांगों लोगों ने उठाईं। मंत्रियों ने अधिकांश शिकायतें और मांगें मौके पर ही निपटा दी। इस बार प्रदेश सरकार ने 27 दिन बाद ही जनमंच का आयोजन कर दिया। माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ऐसा कर रही है।
ये भी उठे मुद्दे
- ऊना के दुलैहड़ में पंचायत भवन के शिलान्यास के बाद काम शुरू नहीं होने का मामला उठा
- कुल्लू में मंत्री महेंद्र ने एचआरटीसी के आरएम को लगाई फटकार, कहा, मुझे पहाड़े मत सुनाओ, कमांद मार्ग पर बस चलाओ
- शिमला के भट्ठाकुफर में मंत्री सुरेश भारद्वाज से लोगों ने कहा, अफसरों को दिन में दो बार, आम जनता को पांचवें दिन पानी क्यों
- नाहन में मंत्री बिक्रम सिंह ने अधिकारियों को कहा-साफ बात करनी और सच बोलना, वरना सजा बड़ी सख्त है