रामपुर शहर समेत आसपास की पंचायतों के हजारों लोगों की जलसंकट की गंभीर समस्या के चलते जलशक्ति विभाग ने तीन विद्युत परियोजनाओं के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है। ये प्रोजेक्ट विद्युत उत्पादन के लिए नियमों का उल्लंघन कर खड्डों के पानी को रोक रहे हैं। इससे हजारों लोग गर्मी के मौसम में पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।
जल शक्ति विभाग की ओर से नोगली खड्ड से रामपुर क्षेत्र, रामपुर बाजार, नोगली, शिंगला पंचायत और देवटन सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति दी जाती है, लेकिन पिछले पांच दिन से उक्त क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने नोगली खड्ड का मुआयना किया तो पता चला कि विद्युत परियोजना प्रबंधन नियमों का उल्लंघन कर अपने मुनाफे के चक्कर में सारे पानी का इस्तेमाल कर रहा है।
इस खड्ड का तीन विद्युत परियोजनाएं चल रही हैं। विभाग ने इसकी शिकायत एसडीएम रामपुर को भी दी है। जलशक्ति विभाग ने नोगली खड्ड से पानी न छोड़ने पर जोगनी-1, जोगनी-2 और करेरी परियोजना के खिलाफ पुलिस थाना रामपुर में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
जल शक्ति विभाग रामपुर के एसडीओ किशोर शर्मा ने बताया कि तीन परियोजनाओं के खिलाफ विभाग ने पुलिस थाना रामपुर में एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष यह समस्या पेश आती है, लेकिन बीते पांच दिन से स्थिति गंभीर बनी हुई है।
नियमों के मुताबिक विद्युत परियोजनाओं को 15 प्रतिशत पानी छोड़ना जरूरी है। नोगली खड्ड पर बनी परियोजनाओं का जल शक्ति विभाग के साथ जो समझौता हुआ है, उसके अनुसार पानी रोकने पर प्रतिबंध है। विद्युत परियोजनाएं विद्युत उत्पादन करें, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं रोकी जानी चाहिए।