नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी के बल्ह और सदर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार जिस तरह से भाजपा को परेशान करने पर उतर आई है, उससे साफ है है कि कांग्रेस ने हार मान ली है। कांग्रेस के नीति विहीन नेता नरेंद्र मोदी की जनहितकारी योजनाओं की कोई काट नहीं खोज पा रहे हैं। इसलिए अब कांग्रेस सत्ता के दुरुपयोग पर उतर आई है। मेरी जनसभाओं में व्यवधान डाला जा रहा है। स्पीच के दौरान बिजली काटी जा रही है। कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पुलिस की ओर से दबिश करवाकर उन्हें परेशान करना चाहते हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से बौखलाहट में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली मंडी में न होने पाए, इसके लिए सारे हथकंडे अपनाए गए। पड्डल ग्राउंड को अपने नेताओं के लिए तीन दिन के लिए बुक करवा दिया। अब जब प्रधानमंत्री पहले ही आ गए तो अब कांग्रेस रैली ही नहीं करना चाह रही। क्योंकि कांग्रेस संगठन ने हाथ खड़े कर दिए कि हम भाजपा के जैसे रैली कर ही नहीं सकते। अब कांग्रेस के नेता अलग-अलग जगह जनसभा कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं ने जो बड़ी-बड़ी बातें की थीं, आज वही उनके गले की फांस बन रही हैं। प्रदेश के लोग उन नेताओं का इंतजार कर रहे हैं, उनसे जवाब मांग रहे हैं। जिसका जवाब देते नहीं बन रहा है।