जेल वार्डनों पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। आरोप है युवक की बाइक को पहले कार से टक्कर मारी जब युवक ने इसका विरोध किया तो उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले की जानकारी जब वह परिजनों को मोबाइल पर देने लगा तो उसका मोबाइल छीनकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
आरोपी वार्डन कंडा जेल में तैनात हैं। वारदात के बाद से इलाके में माहौल तनावपूर्ण हैं और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला श्यामलाघाट पंचायत का है। यहीं पर कंडा जेल भी है।
मंगलवार रात करीब पौने दस बजे नरेश कुमार (25) अपनी बाइक से घर लौट रहा था। कंडा रोड पर आने के बाद सामने से एक कार आई और मोटर साइकल सवार को टक्कर लगा दी। आरोप है कि यह टक्कर जानबूझ कर मारी गई।
लोहे की रॉड से की पिटाई
इस पर नरेश कुमार ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी कार से उतरे और उसे बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है लोहे की रॉड से मारने के लगाए गए हैं। पीड़ित के मुंह और पीठ पर चोटें के निशान बताए जा रहे हैं। पीड़ित ने हमले के दौरान जब मदद के लिए मोबाइल से कॉल करनी चाही तो उसे भी आरोपियों ने छीन लिया।
वारदात स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पंचायत उपप्रधान का घर था जहां जाकर युवक ने आपबीती सुनाई। थाना बालूगंज के तहत आने वाली जतोग पुलिस चौकी को सूचना दी गई। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित का मेडिकल करवाया।
अब तो हद कर दी जेल वार्डनों ने : प्रधान
पंचायत प्रधान राजेश शांडिल ने कहा कि मारपीट की यह घटना पहली मर्तबा नहीं हुई है। इससे पहले भी जेल वार्डनों के दुर्व्यवहार की कई शिकायतें उनके पास आ चुकी हैं। पहले भी एक बार वह जेल अधीक्षक से मिल चुके हैं और शिकायतों की जानकारी दी थी। लेकिन इस बार जेल वार्डनों ने हद कर दी है।
मौके पर भेजी है पुलिस : एएसपी
एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद पुलिस को मौके पर भेजा गया है। शिकायतकर्ता का मेडिकल करवाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।