जम्मू-कश्मीर ने लाहौल में हिमाचल की सीमा पर शिंकुला टॉप से 18 किलोमीटर भीतर पलमो ब्रिज तक कब्जा कर लिया है। यहां पर जेएंडके सरकार ने लोगों को पट्टे भी अलॉट कर दिए हैं। जब इस बात की भनक लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन को लगी तो बॉर्डर क्षेत्र का दौरा किया गया। इस दौरान टीम को जम्मू के लोगों ने पट्टों के बाकायदा खसरा नंबर भी दिखाए।
लाहौल जिला प्रशासन का कहना है कि सर्वे ऑफ इंडिया के मैप के अनुसार शिकुंला टॉप तक हिमाचल का बॉर्डर है। बता दें कि जेएंडके इससे पहले भी सरचू बॉर्डर पर 17 किलोमीटर क्षेत्र में हिमाचल की सीमा पर कब्जा जमाए हुए है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। हिमाचल सरकार ने हाल ही में शिंकुला दर्रे तक बीआरओ के माध्यम से कच्ची सड़क बनाई है।