मशहूर बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। पिछले कुछ दिनों से इरफान खान की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके बाद उन्हें मंगलवार को आईसीयू में भर्ती करवाया गया था। इरफान खान साल 2016 में मदारी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में शिमला आए थे। उन्होंने राजधानी के बीसीएस में मदारी फिल्म की शूटिंग की थी। इस फिल्म में थियेटर मंच से जुड़े हिमाचल के कलाकारों को भी अभिनय करने का मिला था।
इसके अलावा भी इरफान का हिल्स क्वीन से गहरा नाता था। कैंसर से डटकर मुकाबला करने के बाद दुनिया को अलविदा कहने वाले अभिनेता इरफान का हिमाचल के थियेटर मंच से गहरा संबंध रहा। इरफान खान हिमाचल की वादियों के भी कायल थे। इनके अभिनय के कायल हिमाचल के थियेटर कलाकार भी थे। इनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ उमड़ जाती थी। रंग संस्था नाट्य अनुकृति के अध्यक्ष एवं रंगकर्मी संजय सूद ने कहा कि इरफान एक बेहतरीन कलाकार थे। रंगमंच और हिंदी सिनेमा को यह अपूर्णीय क्षति है।