अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल मुकाबले में खूब धमाल मचा। पंजाब किंग्स इलेवन के बल्लेबाजों के हर चौके और छक्के और दिल्ली के विकेट पर पंजाब किंग्स की जर्सी के रंग पर स्टेडियम पूरी तरह लाल दिखा। पूरा एचपीसीए स्टेडियम पंजाब किंग्स इलेवन के झंडों और जर्सी में पूरी तरह से लाल नजर आया। वहीं, दूसरी ओर जब दिल्ली की टीम की ओर से छक्के-चौके लगते और किंग्स इलेवन पंजाब की विकेट गिरती तो स्टेडियम में पूरी तरह से मायूसी छा जाती। वहीं, मैच के दौरान पंजाब किंग्स इलेवन के कप्तान शिखर धवन ने अपने प्रशंसकों को पूरी तरह से मायूस किया। वह शून्य के निजी स्कोर पर ही आउट हो गए। हालांकि उन्होंने फिल्डिंग के दौरान डाइव लगा कर एक कैच पकड़ा था।
करन के लिए हूटिंग, कहा-अंग्रेजो भारत छोड़ो
मैच के दौरान जब पंजाब किंग्स इलेवन की ओर से आईपीएल मैच खेल रहे इंग्लैंड के क्रिकेट सैम करन फिल्डिंग कर रहे थे तो कई दर्शकों ने हुटरबाजी करते हुए नारे लगाए कि अंग्रेजो भारत छोड़ो। हालांकि करन ने इन नारों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया।
इनिंग ब्रेक में धक्का-मुक्की
दिल्ली कैपिटल की बल्लेबाजी के बाद जब इनिंग ब्रेक हुई और लोग स्टैंड को छोड़ कर शौचालयों की तरफ गए तो गेट पर धक्का मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान मैच प्रबंधन की ओर से तैनात किए गए निजी सुरक्षा गार्डों ने लोगों को बाहर तो भेज दिया, लेकिन जैसे ही लोग गेट के अंदर आने लगे तो उन्होंने गेट को ही बंदकर दिया। इसके चलते धक्का मुक्की शुरू हो गई।