क्रिकेट धर्मशाला स्टेडियम में इस बार आईपीएल को दो मुकाबले खेले जाएंगे। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की ओर से जारी दूसरे चरण के शेड्यूल में धर्मशाला को दो मैच मिले हैं। पंजाब किंग्स इलेवन की टीम चेन्नई सुपर किंग्स और राॅयल चैलेंजर बंगलूरु से भिड़ेगी। खास बात यह कि इस बार पिछले साल के मुकाबले पंजाब से भिड़ने वाली टीमें भी अलग होंगी। पहला मुकाबला 5 मई को भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथ होगा। जबकि 9 मई को पंजाब का मुकाबला राॅयल चैलेंजर बंगलूरु से होगा। पहला मुकाबला 5 मई को शाम साढ़े तीन बजे शुरू होगा। जबकि, 9 मई वाला मैच रात को साढ़े सात बजे शुरू होगा। धर्मशाला को आईपीएल के दो मैच मिलने से प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि टेस्ट मैच के बाद अब मई में धर्मशाला में आईपीएल के दो मैच मिलना गौरव की बात है। यह मैच पांच मई और नौ मई को खेले जाएंगे। एचपीसीए ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।