आईपीएल के आने वाले सीजन में हिमाचल के ऋषि धवन किंग्स पंजाब टीम का हिस्सा ही रहेंगे। आलराउंडर धवन पर फ्रेंजाइजी ने भरोसा जताया है और टीम के साथ रखने का फैसला लिया है। वहीं, तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा को टीम ने रिलीज कर दिया है। वैभव अब अगले महीने होने वाली आईपीएल की मिनी ऑक्शन में हिस्सा ले सकते हैं।
इसके अलावा किंग्स पंजाब ने हिमाचल के सिरमौर जिले से ताल्लुक रखने वाले युवा राज अंगद बावा को रिटेन किया है। वह आईपीएल में पंजाब के साथ ही रहेंगे। मंगलवार को आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजी ने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची बीसीसीआई की सौंप दी है।
ऋषि धवन को पिछले सीजन में पंजाब की टीम ने 50 लाख की बोली लगाकर खरीदा था। उन्होंने पिछले सीजन में कई मैचों में अच्छा प्रदर्शन भी किया। पिछले दिनों उनकी कप्तानी में हिमाचल की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची।
अभी चल रही विजय हजारे क्रिकेट ट्रॉफी में ऋषि धवन बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यही कारण है कि पंजाब ने कई बड़े-बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है लेकिन धवन को टीम के साथ रखा है।
वैभव अरोड़ा का आईपीएल का पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था। सिरमौर के राज अंगद बावा भी अधिकतर मैचों में बैंच पर ही दिखे। इस बार पंजाब को ऋषि और राज बावा से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। राज बावा को टीम ने एक करोड़ में खरीदा था।