लाला लाजपतराय जिला कारागार धर्मशाला में अब कैदी परिजनों से इंटरकॉम के जरिये बात करेंगे। ऐसी व्यवस्था जेल प्रशासन ने कैदियों से मिलने आने वाले उनके परिजनों के लिए की है। परिजनों से मिलने वाले कक्ष को अत्याधुनिक बनाकर वहां पारदर्शी शीशा लगा दिया गया है।
कारागार धर्मशाला में जेल प्रशासन ने कई तबदीलियां की हैं। परिजनों के कैदियों से मिलने वाले कक्ष में जाली और ग्रिल हटाकर वहां पर शीशा लगा दिया है। एक-दूसरे से बात करने के लिए इंटरकॉम स्थापित कर दिया है। ताकि जेल में बंद कैदी अपने परिजनों को देख कर बात कर सकें।
वहीं अब इंटरव्यू कक्ष में शीशा लगने से परिजन जेल में बंद कैदियों को किसी प्रकार की कोई भी चीज नहीं दे सकेंगे। इससे पहले इंटरव्यू कक्ष में जाली और ग्रिल लगे थे। जाली और ग्रिल के बीच से परिजन अपने कैदियों को जेल वार्डरों की नजरों से छिपकर कोई न कोई चीज मुहैया करवा देते थे, लेकिन अब इंटरव्यू कक्ष में पारदर्शी शीशा लग जाने से इस तरह का आदान-प्रदान भी बंद होगा।
लाला लाजपतराय जिला कारागार धर्मशाला को अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। जेल के इंटरव्यू कक्ष में पारदर्शी शीशा लगाया है। साथ ही इंटरकॉम की व्यवस्था की है, ताकि जेल में बंद कैदी अपने परिजनों से बात कर सकें।
- विनोद चंबियाल, जेल उपाधीक्षक, धर्मशाला