राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी हिमाचल प्रदेश भाजपा की अध्यक्ष बनाई जा सकती हैं। हाईकमान उनके नाम पर सहमत बताया जा रहा है। इस संबंध में कभी भी आदेश जारी किए जा सकते हैं। हालांकि, सूत्रों की मानें तो प्रदेश हाईकमान डॉ. राजीव बिंदल के नाम पर भी चर्चा कर रहा है। बिंदल ने हाल ही में पीपीई किट खरीद मामले में अंगुलियां उठने के बाद प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। बुधवार को सोशल मीडिया पर भी इंदु गोस्वामी का नाम तय होने की चर्चा रही।
हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई। मंगलवार को इंदु ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की थी तो यह मुलाकात भी प्रदेशाध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति से जोड़कर देखी जा रही थी। वीरवार को भी इंदु अपने गृह क्षेत्र पालमपुर के लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सीएम से मिलेंगी। हालांकि, इंदु ने इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा है। सूत्रों के अनुसार मिशन रिपीट को सामने देख भाजपा हिमाचल में महिला फैक्टर को भुनाना चाह रही है। इंदु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की भी गुड लिस्ट में हैं।