अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्टेडियम में अब तक हुए मुकाबलों टॉस ही बॉस बना है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम यहां कम जीती है। टेस्ट, वनडे हो या टी-20। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को यहां की पिचों का साथ मिला है। 27 जनवरी 2013 को धर्मशाला में खेले गए पहले एक दिवसीय मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। भारत की टीम 226 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। इंग्लैंड ने तीन विकेट खोकर 48वें ओवर में 227 रन बनाकर मैच पर जीत दर्ज कर ली थी। 17 अक्तूबर 2014 को भारत-वेस्टइंडीज के बीच खेले गए वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 330 रनों को विशाल स्कोर खड़ा किया था।
331 रनों का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 271 रनों पर ही सिमट गई थी। यह मुकाबला भारत ने 59 रनों से जीता था। 16 अक्तूबर 2016 को भारत-न्यूजीलैंड एक दिवसीय मुकाबले में भारत ने टॉस जीता और न्यूजीलैंड की टीम 190 रन पर ऑल आउट हो गई थी। दूूसरी पारी में भारतीय टीम ने 34वें ओर में चार विकेट खोकर 194 रन बनाकर विजय हासिल की थी।
10 दिसंबर 2017 को भारत और श्रीलंका के बीच एक दिवसीय मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। श्रीलंका ने टॉस जीता था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की टीम 112 रनों पर आउट हो गई थी और श्रीलंका की टीम ने 21वें ओवर में तीन विकेट 114 रन बनाकर मैच जीत लिया था।
2 अक्तूबर 2015 को धर्मशाला स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में भारत की टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 199 रन बनाए थे। जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अंतिम ओवर चार विकेट पर 200 रन बनाकर मैच में जीत हासिल कर ली थी। इसमें साउथ अफ्रीका ने टॉस जीता था। 25 मार्च 2017 को धर्मशाला में खेले गए भारत-आस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले में आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 300 और दूसरी पारी में 137 रन बनाए थे। जबकि भारतीय टीम ने पहली पारी में 332 रन बनाकर 32 रनों की लीड हासिल की थी। 106 रनों का लक्ष्य दो विकेट खोकर प्राप्त किया था। यहां भी आस्ट्रेलिया ने टॉस जीता था।
श्रीलंका टीम 12:30, टीम इंडिया 3:20 पर पहुंचेगी
भारत-श्रीलंका टी-20 सीरीज के लिए दोनों टीमें 25 फरवरी को धर्मशाला पहुंच जाएंगी। श्रीलंका की टीम 25 फरवरी को विशेष विमान से 12:30 बजे गगल हवाई अड्डे पर उतरेगी और विशेष बसों से सीधे कंडी स्थित रेडीसन ब्लू होटल पहुंचेगी। दोपहर बाद 3:20 पर टीम इंडिया गगल हवाई अड्डे पर पहुंचेगी। इसी दिन दोनों टीमें धर्मशाला स्टेडियम में अभ्यास को भी पहुंचेंगी। 28 फरवरी को साढे़ 11 बजे की विशेष फ्लाइट से श्रीलंका की टीम और एक बजे टीम इंडिया रवाना हो जाएगी।