फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20: धर्मशाला में पांच दिन अभ्यास करेगी मेहमान टीम

Fri, 06 Sep 2019 11:58 AM IST
अरविन्द ठाकुर राकेश भारद्वाज, अमर उजाला, धर्मशाला
विज्ञापन
एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला (फाइल फोटो)
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज के 15 सितंबर को होने वाले पहले मैच के लिए मेहमान टीम करीब पांच दिन धर्मशाला मैदान में पसीना बहाएगी। मेजबान टीम को धर्मशाला में केवल एक दिन ही अभ्यास के लिए मिलेगा। टी-20 सीरीज के पहले मैच के लिए नौ सितंबर को दक्षिण अफ्रीका की टीम धर्मशाला पहुंचेगी।

विज्ञापन


13 सितंबर को भारतीय टीम पहुंच रही है। दोनों टीमों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन और एचपीसीए ने पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं। नौ सितंबर को धर्मशाला पहुंचकर दक्षिण अफ्रीका की टीम आराम करेगी। अगले दिन से सुबह और शाम के सत्र में टीम अभ्यास शुरू करेगी। उधर, उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच के लिए दोनों टीमों के धर्मशाला पहुंचने का शेड्यूल मिल गया है। प्रशासन ने मैच के आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।

आठ सितंबर से मिलेंगे सस्ते टिकट
भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज के पहले मैच के लिए काउंटर पर सस्ते टिकट मिलेंगे। मैच के लिए 750 और 1000 रुपये वाले सस्ते टिकटों की ऑनलाइन बिक्री बंद कर दी है। स्थानीय युवाओं के लिए सस्ते टिकटों का कोटा रखा गया है। ऐसे में आठ सितंबर को क्रिकेट स्टेडियम के बॉक्स ऑफिस में टिकटों की ऑफलाइन बिक्री शुरू हो रही है। बॉक्स ऑफिस में युवाओं को 750 और 1000 रुपये वाले सस्ते टिकट के साथ 1200, 1500, 2000, 2500, 3000 और 10 हजार रुपये तक के टिकट भी मिलेंगे। 
विज्ञापन


स्टेडियम के स्टैंड के अनुसार टिकट का मूल्य
वेस्ट स्टैंड-3            750 रुपये 
ईस्ट स्टैंड-1            1000 रुपये
वेस्ट स्टैंड-2            1200 रुपये
नॉर्थ-1 स्टैंड            1200 रुपये
नॉर्थ-2 स्टैंड            1200 रुपये
ईस्ट स्टैंड-2            1500 रुपये
नॉर्थ वेस्ट स्टैंड        1500 रुपये
ईस्ट स्टैंड-3            2000 रुपये
वेस्ट स्टैंड-1            2000 रुपये
नॉर्थ पवेलियन स्टैंड   2500 रुपये
पवेलियन टैरेस          2500 रुपये
क्लब लॉज पवेलियन   3000 रुपये
कॉरपोरेट बॉक्स          10 हजार रुपये

Trending Videos
विज्ञापन

पुलिस के कड़े पहरे में होगा भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच

जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद बने हालात के मद्देनजर धर्मशाला में भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन कड़े प्रबंध करेगा। पूर्व में धर्मशाला में हुए मैचों के सुरक्षा इंतजामों का भी रिव्यू किया जा रहा है। मैच से पहले धर्मशाला स्टेडियम में सुरक्षा के लिए मॉकड्रिल भी हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच के लिए राज्य की सीमाओं की चौकसी बढ़ाई जाएगी। धर्मशाला शहर में प्रवेश से पहले भी वाहनों को पुलिस की चेकिंग से गुजरना पड़ेगा। मैच के दौरान विभिन्न स्तर पर चेकिंग के बाद ही दर्शकों को स्टेडियम में एंट्री मिलेगी।

टी-20 विश्वकप के लिए ये था सुरक्षा का प्रारूप
साल 2016 में टी-20 विश्व कप के लिए धर्मशाला में भारत-पाकिस्तान मैच का शेड्यूल तय हुआ था। साथ ही महिला टीम के दो मैचों समेत कुल आठ मैचों का शेड्यूल जारी हुआ था। हालांकि, विरोध के बाद भारत-पाकिस्तान का मैच धर्मशाला में नहीं हो पाया था। विश्व कप के लिए पुलिस ने पांच स्तरीय सुरक्षा चक्र अपनाया था। इसमें पहली बार ऊंची इमारतों पर स्नाइपर राइफल से लैस कमांडो दस्ते तैनात किया गया। स्टेडियम में प्रवेश से पहले दो चक्र, जबकि एक चक्र स्टेडियम के भीतर रहा। अंतरराज्यीय सीमा और प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा घेरा रखा गया था।

साल 2017 में यह रहा सुरक्षा का प्रारूप
2017 में भारत-श्रीलंका के बीच एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर पुलिस ने दर्शकों की सुरक्षा के लिए 900 से अधिक जवान तैनात किए थे। एचपीसीए ने अपने स्तर से अलग से 300 सुरक्षा कर्मी तैनात किए। दर्शकों की सुरक्षा के लिए हर प्रवेश द्वार पर नाइट विजन और एचडी कैमरे स्थापित किए थे। जिला में प्रवेश करने और बाहर जाने वाले मार्गों पर पुलिस जवान तैनात किए गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर को सेक्टरों में बांटा गया था। 

धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच के लिए पुलिस प्रशासन प्रारूप तैयार कर रही है। पिछले मैचों की सुरक्षा को भी रिव्यू किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के हालात को देखते हुए सुरक्षा पर ध्यान दिया जाएगा। - राकेश कुमार प्रजापति, उपायुक्त 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें