महिला स्टाफ और ग्राहकों के साथ करते हैं छेड़छाड़
20 से 25 युवकों का झुंड पूरे दिन रहता है खड़ा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। संजौली बाजार में रेस्तरां और व्यावसायिक परिसरों के बाहर खड़े रहने वाले मनचलों के कारण युवतियों और महिलाओं का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है।
आरोप है कि यह युवक व्यावसायिक परिसरों में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के साथ ही महिला ग्राहकों पर भी अभद्र टिप्पणियां करते हैं। आते-जाते समय फब्तियां कसने के कारण महिला ग्राहक अब इन जगहों पर आने से कतरा रही हैं, वहीं कामकाजी महिलाओं को भी हर रोज ऐसे युवकों की अभद्र टिप्पणियां सुनने को मजबूर होना पड़ रहा है। मनचलों की इन हरकतों का असर अब यहां के कारोबार पर भी दिखने लगा है। इसे देखते हुए स्थानीय कारोबारियों और लोगों ने ऐसे युवकों के खिलाफ संजौली थाने में लिखित शिकायत दी है। इसमें आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। जानकारी के अनुसार मीना बाजार और इसके आसपास के रेस्तरां में हर रोज हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। इनमें बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं भी शामिल हैं।
आरोप है कि कुछ समय से 20 से 25 युवक इसका फायदा उठाकर व्यावसायिक परिसरों के बाहर बिना किसी काम के खड़े रहते हैं और युवतियों व महिलाओं पर भद्दे कमेंट करते हैं। इतना ही नहीं, ये युवक युवतियों से उनके मोबाइल नंबर भी मांगते हैं। हर रोज होने वाली इस तरह की हरकतों से परेशान होकर अब बड़ी संख्या में महिला ग्राहक इन क्षेत्रों में आने से कतरा रही हैं। यही नहीं यह युवक यहां के व्यावसायिक संस्थानों में काम करने वाली युवतियों और महिलाओं पर भी फब्तियां कसते हैं। काम की मजबूरी के चलते इन महिलाओं को हर रोज ऐसी अभद्र टिप्पणियां और छेड़छाड़ झेलनी पड़ रही है। समस्या से परेशान कारोबारियों ने यहां बेवजह खड़े नहीं होने के संदेश वाले बैनर तक लगा दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद यह युवक वहां से हटने को तैयार नहीं हैं। महिलाओं के साथ लगातार हो रही ऐसी घटनाओं और कारोबार पर पड़ रहे असर को देखते हुए कारोबारियों ने मजबूर होकर इन युवकों के खिलाफ संजौली थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस की ओर से शिकायत मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर समय-समय पर पहुंचकर युवकों को सख्त हिदायत दी जा रही है।