ओकओवर में उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने निर्देश दिए कि पशुचारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने को पर्याप्त कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि राज्य में राशन, दालों और खाद्य तेलों का पर्याप्त भंडार है और पर्याप्त मात्रा में दूध और ब्रेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। आवश्यकता हुई तो उपभोक्ताओं की सुविधा और अनावश्यक भीड़भाड़ से बचाव के लिए दुग्ध संग्रह केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
सीएम ने उपायुक्तों, एसपी और सीएमओ से जाने इंतजाम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को सभी जिला उपायुक्तों, एसपी और सीएमओ से वीडियो कांफ्रेंस कर कोरोना वायरस से निपटने के इंतजामों का जायजा लिया। सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि जनता को समय-समय पर हर जानकारी दें। यह भी सुनिश्चित करें कि आवश्यक खाद्य पदार्थों की आपूर्ति ठीक हो।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने बताया कि प्रदेश के सभी निजी अस्पतालों को भी निर्देश दिए गए हैं कि अपने सभी कर्मचारियों को को कोविड 19 से निपटने के लिए प्रशिक्षित करें और अपने संस्थान तथा कर्मचारियों को किसी भी समय जरूरत पड़ने पर तैयार रखें।
किसी भी संस्थान को बंद न करें और किसी को अवकाश पर न भेजें। इन आदेशों को न मानने वालों के खिलाफ क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट या एपिडेमिक डिजीज एक्ट 1897 से संबंधित धाराओं के अधीन कार्रवाई की।