मंडी और कुल्लू की सीमा पर टकोली और शाह बिहाली के बीच ब्यास नदी में जोरों से अवैध खनन चल रहा है। खनन माफिया ने दिन-रात जेसीबी लगाकर नदी को खोखला कर दिया। चारों तरफ रेत के टीले बन गए हैं। खनन माफिया मौका देखकर इस रेत की तस्करी करने के फिराक में था, लेकिन इससे पहले अमर उजाला ने सफेद रेत के काले कारोबार के सच को सामने ला दिया।
पुलिस ने शुक्रवार को मौके पर ब्यास नदी में बनाए अवैध रास्ते के दोनों ओर कुल्लू और मंडी में स्थापित दो क्रशर मालिकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ब्यास नदी का प्रवाह रोकने, और अवैध खनन के खिलाफ भुंतर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस और खनन विभाग अब इन पर शिकंजा कसने जा रहा है।
शुक्रवार सुबह एएसपी कुल्लू और एसडीएम सदर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस-प्रशासन अवैध रूप से बनाए गए रास्ते को जल्द तोड़कर नदी के प्रवाह को सुचारु करने जा रहा है। उधर, खनन विभाग ने अवैध रेत को कब्जे में ले लिया है।
कुल्लू-मंडी सीमा पर ब्यास नदी का प्रवाह रोकने और अवैध खनन पर पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला में खबर छपते ही शुक्रवार को पुलिस, प्रशासन और खनन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी और एसडीएम सदर रोहित राठौर ने भी ब्यास में बनाए गए रास्ते का जायजा लिया। मंडी और कुल्लू से खनन विभाग के अधिकारी भी मौके पर जांच में जुटे रहे। अवैध रास्ते के समीप क्रशर है जबकि 500 मीटर दूरी पर एक पुल बनाया जाना है।
हालांकि, क्रशर मालिक और पुल बनाने वाला ठेकेदार रास्ता न बनाने की बात कह रहे हैं। एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि ब्यास नदी में अवैध रूप से बोल्डर डालकर रास्ता बनाने और अवैध खनन करने का मामला दर्ज किया है। डीसी कुल्लू यूनुस ने कहा कि मौके पर टीम भेजी गई है। जांच जारी है। नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है।
कार्रवाई से दिनभर मचा रहा हड़कंप
पुलिस-प्रशासन और खनन विभाग की कार्रवाई से दिनभर खनन माफिया में अफरातफरी मची रही। कुल्लू और मंडी से टीमों की दस्तक के बाद माफिया गायब हो गया है। जहां देखो रेत के ढेर ही नजर आ रहे हैं। जिला खनन अधिकारी बिंदिया रानी का कहना है कि अवैध रूप से डंप रेत को जब्त कर नीलाम किया जाएगा।
वहीं, चतुर्भुजा स्टोन क्रशर के मालिक शेर सिंह ने कहा कि उनके स्टोन क्रशर के पास अवैध रूप से रेत डंप किया गया है। इस पर कार्रवाई की जानी चाहिए। एसडीएम सदर रोहित राठौर ने बताया कि ब्यास नदी में बोल्डर हटाकर रास्ते को तोड़कर प्रवाह सुचारु किया जाएगा।
टकोली की तरफ से नदी को जाने का रास्ता बंद
मंडी। मौके पर पहुंचे जिला खनन अधिकारी मंडी राजीव कुमार ने टकोली की तरफ से ब्यास नदी के लिए निकाले गए रास्ते को बंद करवाया दिया है। इसी रास्ते से खनन माफिया रेत की तस्करी कर जिले में सप्लाई करता था।
उन्होंने बताया कि जिला मंडी की तरफ ब्यास नदी के किनारे कोई मशीनरी मौके पर नहीं पाई गई। ब्यास नदी के दूसरी तरफ कुल्लू जिला में क्रशर के लिए रास्ता बनाया गया था। इस पर खनन अधिकारी कुल्लू ही नोटिस जारी करेंगे।