स्वस्थ जीवन की सरल गाइड पुस्तिका का किया विमोचन अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के हर दिन सेहत अभियान को स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आईजीएमसी प्रशासन को सम्मानित किया।
अभियान की विशेषता यह रही कि पूरे 365 दिन तक आईजीएमसी में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को विभिन्न बीमारियों, उनके बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्वस्थ जीवन की सरल गाइड पुस्तिका का भी विमोचन किया। यह पुस्तिका मरीजों और आम लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी। इसमें संतुलित पोषण, स्वस्थ आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों की रोकथाम, विभिन्न आयु वर्गों के लिए उपयुक्त पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा विशेष रूप से चिट्टा (हेरोइन) और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, उनकी पहचान, बचाव, उपचार और पुनर्वास संबंधी जानकारी शामिल की है। हर दिन सेहत अभियान के तहत पूरे वर्ष प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य, तंबाकू एवं नशा मुक्ति, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, टीकाकरण समेत अन्य जनस्वास्थ्य गतिविधियां संचालित की गईं। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि हर दिन सेहत केवल एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य को जन-जन तक पहुंचाने का एक सतत जनआंदोलन है।