उधर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईसीसी का एक दिवसीय क्रिकेट विश्व कप का मैच 22 अक्तूबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। टिकट ऑनलाइन न मिलने से क्रिकेट प्रेमी मायूस हो गए हैं। मैच की टिकटें बुक करने में क्रिकेट प्रेमियों को खासी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। मैच के ऑनलाइन टिकट बेचने वाली कंपनी बुक माई शो की वेबसाइट पर कभी सोल्ड आउट तो कभी कमिंग सून का मैसेज आ रहा है। इसके चलते प्रदेश के क्रिकेट प्रेमी इस मैच के टिकट बुक नहीं कर पा रहे हैं। आईसीसी की ओर से धर्मशाला में भारतीय टीम के मैच के टिकटों की सेल एक सितंबर से शुरू कर गई थी लेकिन, वेबसाइट पर टिकट बुक नहीं हो पा रहे हैं।
अन्य विदेशी टीमों के बीच होने वाले मैचों के टिकट बुक माई शो पर मिल रहे हैं। इसमें सबसे सस्ता टिकट 1000 रुपये और सबसे महंगा टिकट 12500 रुपये है। इसके अलावा भारत और न्यूजीलैंड के मैच कीटिकटों के दाम 1500 रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तय किए गए हैं। उधर, एचपीसीए के सचिव परमार ने कहा कि टिकटों की ऑनलाइन सेल बुक माई शो कंपनी कर रही है। वहीं अक्तूबर की शुरुआत में स्टेडियम के बाहर टिकट काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच में क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह होने के चलते टिकट बुक करने में जो दिक्कतें आ रही हैं उन्हें कंपनी को बताकर जल्द सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।