फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री को बाईपास कर बनाई केसीसी बैंक की एमडी, आनन-फानन में हटाया

Fri, 06 Jul 2018 12:03 PM IST
सुनील चड्ढा, अमर उजाला, धर्मशाला
विज्ञापन
विज्ञापन

सहकारिता मंत्री डा. राजीव सैजल को बाईपास कर बनाई कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की प्रबंध निदेशक राखिल काहलों को छठे दिन ही हटा दिया है। मंत्री नाराज थे कि उनसे बिना पूछे ही एमडी के पद पर नियुक्ति कर दी गई। उन्हें नियुक्ति के बाद इसका पता चला। सूत्रों के अनुसार सैजल के इस मामले में मुख्यमंत्री से वार्ता कर नाराजगी जताने के बाद एमडी को हटाया।

विज्ञापन


मंत्री का तर्क था कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में भाजपा की ओर से जारी चार्जशीट में केसीसी बैंक में लोन देने में अनियमितता और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों का खुलासा किया गया था। इस दौरान चेयरमैन जगदीश सिपहिया और एमडी आईएएस अधिकारी राखिल काहलों थीं। यही नहीं, राज्य सहकारी बैंक के पुराने एमडी को हटाने और नया लगाने पर भी मंत्री को नहीं पूछा गया।

जयराम सरकार पर कांग्रेस पहले ही आरोप लगाती रही है कि स्टीयरिंग किसी और के पास है और ब्रेक किसी और के हाथ। अब अपने ही मंत्री ने बाईपास करने का मामला उठाया था। राजनीतिक सूत्र बता रहे हैं कि कांगड़ा के एक मंत्री के कहने पर ही मंत्री को बाईपास कर एमडी की कुर्सी पर फेरबदल किया था। नाराजगी को भांपते हुए सरकार ने अपने पुराने आदेशों में फेरबदल किया है।

मंत्री अनिल शर्मा भी मंडी में अड़ंगा लगाने के आरोप लगा चुके हैं। केसीसी बैंक के पूर्व चेयरमैन रसील सिंह मनकोटिया ने कहा कि सरकार के पूर्व के फैसले से कर्मचारी वर्ग हैरान था। पुनर्विचार करना ही पड़ा। कांग्रेस नेता केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पहले एमडी लगाना और बाद में हटाने से भाजपा का चरित्र दोहरा साबित हुआ है।

नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त को दिया केसीसी एमडी का कार्यभार

मंत्री की नाराजगी के बाद हिमाचल सरकार ने राखिल काहलों को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की एमडी के पद से हटा दिया है। अब इस बैंक के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त कदम संदीप वसंत को दिया गया है। कदम के अवकाश पर होने पर इस कार्यभार को एडीसी कांगड़ा कमलकांत सरोच देखेंगे।  

मुख्य सचिव विनीत चौधरी की ओर से जारी अधिसूचना में उल्लेख किया है कि सिविल सर्विस बोर्ड की संस्तुति के बाद ही यह तबादला किया गया है। कांगड़ा सहकारी बैैंक की एमडी राखिल काहलों के पास बंदोबस्त अधिकारी कांगड़ा का अतिरिक्त कार्यभार था।

अब वह स्थायी तौर पर बंदोबस्त अधिकारी कांगड़ा नियुक्त की गई हैं। हालांकि, उनके पास विशेष सचिव मुख्यमंत्री कैंप कांगड़ा का भी अतिरिक्त कार्यभार आगामी आदेशों तक पूर्ववत रहेगा।
विज्ञापन

खली मामले में विवाद के बीच अमरजीत सिंह से वापस लिया कार्यभार

खली मामले में विवाद के बीच विशेष सचिव कार्मिक अमरजीत सिंह से निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का कार्यभार वापस ले लिया है। हालांकि आईएएस अधिकारी अमरजीत सिंह को प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियमित निदेशक की नियुक्ति के बजाय आईएएस अधिकारी विशेष सचिव शहरी विकास अरिंदम चौधरी को इस पद का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें