पर्यटन नगरी मनाली के माल रोड पर 25 जनवरी को सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक नाटी डालेंगी। नाटी में वामतट के 50 महिला मंडलों की करीब 500 महिलाएं भाग लेंगी। मनाली स्कूल में महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता भी होगी।
इसके अलावा मनाली मालरोड में हौरन नृत्य भी होगा। इसके लिए विंटर कार्निवाल कमेटी ने सभी तैयारियों को पूरा कर दिया है। हालांकि, ये सभी कार्यक्रम विंटर कार्निवाल में होने थे, लेकिन बर्फबारी होने से नाटी के साथ रस्साकशी प्रतियोगिता को स्थगित करना करना पड़ा था।
राइट बैंक की करीब 500 महिलाएं तीन जनवरी को नाटी डाल चुकी हैं। एसडीएम मनाली एवं विंटर कार्निवाल कमेटी के उपाध्यक्ष रमन घरसंगी ने बताया कि विंटर कार्निवाल के दौरान बर्फबारी होने से वामतट की महिला मंडलों की नाटी और हौरन नृत्य को पूरा नहीं किया जा सका था।
इन सभी कार्यक्रमों के लिए मनाली के मालरोड से बर्फ हटाने का काम शुरू हो गया है। इसमें नगर परिषद मनाली के कर्मचारी बर्फ हटाने में लगे हैं। एसडीएम ने कहा कि महिला की नाटी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।