होटलों में 100 फीसदी तक रही ऑक्यूपेंसी
डीजे नाइट और इन हाउस गेम्स का आयोजन
कमरों की बुकिंग पर दिया 30 फीसदी डिस्काउंट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। वेलेंटाइन डे मनाने के लिए भारी संख्या में सैलानी पहाड़ों की रानी शिमला पहुंचे हैं। शहर के होटलों में सोमवार को ऑक्यूपेंसी 80 से 100 फ ीसदी तक रही। वेलेंटाइन डे के मौके पर शहर के होटलों में डीजे नाइट और इन हाउस गेम्स आयोजित की गईं। बर्फ में अठखेलियां करने के लिए भारी संख्या में सैलानियों ने कुफरी और नारकंडा का भी रुख किया। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से सैलानी वेलेंटाइन डे मनाने शिमला पहुंचे।
सोमवार सुबह दस बजे से सैलानियों के शिमला पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। सर्कुलर रोड पर बहुमंजिला पार्किंग के अधिकतर फ्लोर पैक होने से टैरेस फ्लोर पर गाड़ियां पार्क करवाई गईं। पार्किंग के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सैलानियों की भीड़ लगी रही। रिज मैदान और मालरोड पर पूरे दिन सैलानियों का जमावड़ा लगा रहा। रिज मैदान पर सैलानियों ने फोटोग्राफी और लाइव वीडियो का आनंद लिया। बहुत से पर्यटक जोड़े घुड़सवारी का आनंद लेते भी दिखे।
मालरोड पर भी पूरा दिन सैलानी चहलकदमी करते दिखे। शिमला के अलावा मशोबरा, नालदेहरा, कुफरी और नारकंडा में भी सैलानियों की भीड़ लगी रही। कुफरी और नारकंडा में सैलानियों ने बर्फ में अठखेलियां कीं। शिमला होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि वेलेंटाइन मनाने बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। सोमवार को शहर के होटलों में 100 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रही। पर्यटन विकास निगम के डीजीएम अनिल तनेजा ने बताया कि वेलेंटाइन डे के लिए निगम की ओर से सभी होटलों में कमरों की बुकिंग पर 30 फीसदी छूट दी थी।
पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ने से ट्रैफिक जाम
भारी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने से सोमवार को शिमला से कुफरी तक ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आई। शहर के सर्कुलर रोड पर पर्यटक वाहनों की भारी आमद से दोपहर दो बजे के बाद जाम लगना शुरू हो गया। सभी पर्यटक वाहन लिफ्ट की ओर आने से समस्या पेश आई। तीन बजे तक लिफ्ट पार्किंग, नगर निगम की मैट्रोपोल पार्किंग और पर्यटन निगम की ट्रिपल एच पार्किंग फुल होने से सैलानियों ने सर्कुलर रोड पर यहां वहां गाड़ियां मोड़नी शुरू कर दीं। इस कारण जाम की समस्या पेश आई। बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए कुफरी गए सैलानी दोपहर बाद शिमला की ओर वापस लौटने लगे तो ढली से छराबड़ा और कुफरी में ट्रैफिक जाम लग गया। शिमला, ढली और कुफरी में तैनात पुलिस कर्मियों ने व्यवस्था बनाने के लिए खूब पसीना बहाया।
चार दिन में 39 हजार लोगों ने इस्तेमाल की लिफ्ट
वेलेंटाइन वीकेंड पर सर्र्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट का करीब 39 हजार लोगों ने इस्तेमाल किया। शुक्रवार को करीब 12 हजार, शनिवार को 9 हजार, रविवार 8 हजार और सोमवार को करीब 10 हजार लोगों ने लिफ्ट का इस्तेमाल किया। सोमवार को वेलेंटाइन डे के मौके पर सुबह से देर शाम तक लिफ्ट के बाहर सैलानियों की भीड़ लगी रही। सुबह साढ़े आठ बजे से रात नौ बजे तक लिफ्ट का संचालन किया।
तीन दिन में दाखिल हुए 11400 वाहन
12 फरवरी शनिवार सुबह आठ बजे से 14 फरवरी सोमवार शाम पांच बजे तक करीब 11400 वाहन शोघी बैरियर से शहर में दाखिल हुए। डीएसपी ट्रैफिक अजय भारद्वाज ने बताया कि वेलेंटाइटन वीकेंड पर शिमला में पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। सभी पर्यटक वाहनों के लिफ्ट की ओर आने से सर्कुलर रोड पर ट्रैफिक बढ़ने से दिक्कत पेश आई। बावजूद इसके लंबा जाम नहीं लगने दिया गया।