मैदानी इलाकों की झुलसाती गर्मी से निजात पाने शिमला में भारी संख्या में पहुंचे सैलानी
शाम को बारिश की फुहारों में सैलानियों ने की मस्ती
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। मैदानी इलाकों में झुलसा रही गर्मी और लू से निजात पाने के लिए हजारों सैलानियों ने हिल्सक्वीन शिमला का रुख किया है। वीकेंड पर दो दिन की छुट्टी मनाने हजारों सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शनिवार को भी सैलानियों की आवाजाही जारी रही।
इसके चलते शहर में शाम के समय जाम भी लग गया।
शहर में ज्यादातर पार्किंग दिन में ही फुल हो गई। शाम को शिमला पहुंची सैलानियों की गाड़ियों के लिए कई जगह पार्किंग भी नहीं मिली। मालरोड जाने के लिए एचपीटीडीसी की लिफ्ट के बाहर भी सैलानियों की लाइनें लगी रहीं। शहर के होटलों में शनिवार को ही बुकिंग 80 फीसदी तक पहुंच गई है। रविवार के लिए होटल 100 फीसदी बुक हो चुके हैं। ज्यादातर छोटे होटल शनिवार को ही फुल हो गए हैं। रविवार को और सैलानियों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है। लगातार दो वीकेंड पर सैलानियों का जमावड़ा लगने से शहर के पर्यटन कारोबारी बेहद खुश हैं।
टूरिज्म स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के सलाहकार एवं होटल कारोबारी गोपाल अग्रवाल ने बताया कि इस वीकेंड भी अच्छा कारोबार हो रहा है। रविवार तक सौ फीसदी बुकिंग हो चुकी है।
दिन में गर्मी, शाम को बारिश में मस्ती
हजारों सैलानियों के वीकेंड पर शिमला पहुंचने से यहां मालरोड, रिज मैदान, लक्कड़ बाजार में काफी आवाजाही रही। दिन के समय गर्मी रही लेकिन शाम को बारिश की फुहारें बरस पड़ी। शिमला पहुंचे सैलानी यहां के मौसम से रोमांचित थे। कई बारिश के बीच रिज मैदान पर मस्ती करने में जुट गए। बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया। इसके बाद यहां ठंडक के बीच फिर सैलानी मालरोड और रिज मैदान पर घूमने निकले।
इस बार अच्छा रहा है समर सीजन : सरना
शिमला व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष अजय सरना ने कहा कि इस बार समर टूरिस्ट सीजन काफी अच्छा रहा है। मैदानी इलाकों में इन दिनों लू चल रही है। शिमला में गर्मी तो है, लेकिन यहां मौसम अचानक करवट भी बदल रहा है जिससे सैलानी खुश है। शहर के कारोबार को अच्छा बूम मिल रहा है।