वीकेंड के बाद भी होटलों में 70 से 80 फीसदी तक चल रही ऑक्यूपेंसी
सैलानियों ने हिमाचली परिधानों में खिंचवाए फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बर्फ के दीदार के लिए बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। वीकेंड के बाद भी शहर में सैलानियों की भारी भीड़ है। सोमवार को शहर के होटलों में 70 से 80 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रहीं। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से सबसे अधिक टूरिस्ट शिमला का रुख कर रहे हैं।
सोमवार को शिमला का रिज मैदान और मालरोड पूरे दिन सैलानियों से गुलजार रहा। सैलानियों ने बर्फ पर जमकर अठखेलियां की। रिज मैदान पर लगाए बर्फ के ढेरों के साथ सैलानी फोटोग्राफी करते रहे। दोपहर के समय करीब डेढ़ बजे हल्की बर्फबारी होने पर सैलानी खुशी से नाचने लगे।
सैलानियों ने रिज मैदान पर घुड़सवारी का भी लुत्फ उठाया। रिज मैदान पर सैलानियों ने बर्फ के साथ हिमाचली परिधानों में फोटो शूट का मजा लिया। शिमला होटिलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। वीकेंड के बाद भी शहर के अधिकतर होटलों में 70 से 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी है जबकि कुछ होटल पूरी तरह पैक चल रहे हैं।
वाहनों को शहर में प्रवेश न
देने से सैलानी परेशान : सेठ
शिमला। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिंदर सेठ ने बताया कि सोमवार दोपहर टुटीकंडी क्रॉसिंग से पर्यटक वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया गया। इस कारण सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। टुटीकंडी क्रॉसिंग से आईएसबीटी खलीनी रूट से गाड़ियों को न भेजकर वाया चक्कर भेजा गया। सेठ ने बताया कि इसे लेकर डीसी शिमला को शिकायत की है। डीएसपी ट्रैफिक अजय भारद्वाज ने बताया सर्कुलर रोड पर पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ने से कुछ देर के लिए पर्यटक वाहनों को क्रॉसिंग से आईएसबीटी, खलीनी होते हुए भेजा है। शिमला आने वाले सभी पर्यटक वाहन लिफ्ट की ओर आने से समस्या पेश होने पर ऐसी व्यवस्था की थी। किसी भी टूरिस्ट को आने से नहीं रोका गया।