जी हां, घर जल्दी जाना, कहीं दीवाली न जाए खाली। दिवाली के दिन एचआरटीसी की लोकल रूटों पर चलने वाली बसें शाम 4 बजे के बाद नहीं चलेंगी। एचआरटीसी मुख्य कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार 4 बजे के बाद परिवहन निगम कर्मचारी भी दिवाली मनाएंगे। हालांकि लोगों की सुविधा के लिए नियमित अंतराल पर कुछ बसों की आवाजाही होती रहेगी। दीवाली के दिन एचआरटीसी की लग्जरी बस सेवा पूरी तरह बंद रहेगी।
हरिद्वार और दिल्ली जैसे लांग रूटों पर भी बसें एक ओर ही चलेंगी। शुक्रवार को बसों की आवाजाही तय शेड्यूल के आधार पर ही होगी। दिवाली के दिन लोगों को बसों की किल्लत पेश न आए इसके लिए एचआरटीसी प्रबंधन ने पुख्ता व्यवस्था की है। लेकिन दिवाली के दूसरे दिन शुक्रवार को लोगों को बसों की किल्लत झेलनी पड़ सकती है।
दिवाली वाले दिन बसें दोपहर बाद तक ही चलती हैं। इसके बाद स्टाफ को दिवाली मनाने के लिए छुट्टी दे दी जाती है। चालक बसों को अपनी सुविधा अनुसार खड़ी कर देते हैं। इस कारण दिवाली के दूसरे दिन विभिन्न रूटों पर बसों की आवाजाही प्रभावित हो जाती है।
बीते वर्ष झेलनी पड़ी थी दिक्कत
बीते वर्ष दिवाली के दूसरे रोज बसों की आवाजाही प्रभावित होने से लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी थीं। परिवार के साथ दिवाली मनाकर वापस लौट रहे लोगों को दिवाली के दूसरे दिन देर शाम तक बसें नहीं मिली थीं। बस स्टैंडों पर लोगों का हुजूम लग गया था।
बसों में अभी से ओवरलोडिंग शुरू
शिमला। दिवाली के चलते मंगलवार को बसों में भारी ओवरलोडिंग रही। दीवाली मनाने के लिए लोगों ने बीते रविवार से ही घरों का रुख करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को टूटीकंडी आईएसबीटी, लक्कड़ बाजार बस स्टैंड, ओल्ड बस स्टैंड, संजौली और ढली में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुबह नौ बजे के बाद ऊपरी शिमला की ओर रवाना होने वाली बसों में भारी भीड़ रही। शिमला से रामपुर, रोहड़ूू, चौपाल, कोटखाई और ठियोग की ओर जाने वाली अधिकतर बसें पैक रही। दोपहर दो बजे के बाद ऊपरी शिमला की ओर रवाना होने वाली बसों में तिल धरने की जगह नहीं मिली।
कोई परेशानी हो तो यहां करें संपर्क
बसों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए एचआरटीसी के कंट्रोल रूम में 0177- 2656326 या 2658765 पर संपर्क कर सकते हैं।