परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा संबंधित राज्यों से अनुमति प्राप्त होने पर जल्द ही शिमला-कटरा मार्ग पर वोल्वो बस चलाई जाएगी। इस सेवा से जहां प्रदेश के श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं, प्रदेश में पर्यटन की दृष्टि से भी यह सेवा लाभकारी होगी। नालागढ़-बद्दी-दिल्ली मार्ग पर अगले सप्ताह से वोल्वो बस सेवा आरंभ की जाएगी। परिवहन विभाग की ओर से संचालित 78 वोल्वो तथा वातानुकूलित बसों में वाई-फाई प्रणाली शुरू की गई है।
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बताया कि इस प्रणाली के माध्यम से यात्री फिल्में भी देख सकते हैं। जिसके लिए 10 से 15 फिल्म संग्रह की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वाईफाई मोड पर अपने मोबाइल पर नि:शुल्क वीडियो गाने सुन सकते हैं। इसमें 200 गीतों को सुनने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।