क्रिसमस के मौके पर शनिवार को एचआरटीसी ने शिमला से चंडीगढ़ एयरपोर्ट (मोहाली) के लिए वोल्वो सेवा का शुभारंभ किया। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने टुटीकंडी आईएसबीटी से हरी झंडी दिखाकर वोल्वो को रूट पर रवाना किया। पहले दिन 22 यात्री शिमला से इस वोल्वो में रवाना हुए। परिवहन मंत्री और एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक ने फूल देकर और मिठाई खिलाकर यात्रियों का स्वागत किया। एचआरटीसी ने एक करोड़ 24 लाख में खरीदी नई वोल्वो को चंडीगढ़ एयरपोर्ट रूट पर रवाना किया। शिमला से एयरपोर्ट मोहाली का किराया महज 450 रुपये तय किया गया है।
जबकि, शिमला से चंडीगढ़ एयरपोर्ट टैक्सी का किराया 3000 से 3500 रुपये है। इतना ही नहीं, एयरपोर्ट वोल्वो में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एचआरटीसी ने शिमला शहर में लोकल रूटों पर निशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध करवाने का भी फैसला किया है। इस मौके पर एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार, निदेशक परिवहन विभाग अनुपम कश्यप, आरटीओ शिमला डीआर धीमान, मंडलीय प्रबंधक पंकज सिंघल, उप मंडलीय प्रबंधक पवन शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
शिमला से दोपहर 12:45, एयरपोर्ट से शाम 7:30 बजे होगी रवाना
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि शिमला आईएसबीटी से चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए वोल्वो दोपहर 12:45 पर रवाना होगी और शाम 4:30 बजे एयरपोर्ट पहुंच जाएगी। इस वोल्वो से एयरपोर्ट जाने वाले शिमला के लोगों के लिए 11:30 बजे ढली से संजौली, छोटा शिमला, पुराना बस स्टैंड होते हुए आईएसबीटी के लिए बस चलाई जाएगी। दूसरी बस 11:45 बजे न्यू शिमला (नजदीक डीएवी स्कूल) से खलीनी, कनलोग होते हुए आईएसबीटी जाएगी।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट से वोल्वो शाम 7:30 बजे शिमला के लिए चलेगी और रात 11 बजे शिमला पहुंचेगी। वोल्वो के शिमला पहुंचने के बाद आईएसबीटी से एक लोकल बस यात्रियों को ओल्ड बस स्टैंड होते हुए संजौली छोड़ेगी। लोकल बसों में यात्रियों को अपना एयरपोर्ट वोल्वो का टिकट दिखाना होगा, जिसके बाद उनसे लोकल रूट का किराया नहीं वसूला जाएगा।
7 जनवरी से शिमला कटड़ा वोल्वो होगी शुरू
परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि 7 जनवरी से शिमला-कटड़ा वाया बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, पठानकोट, जम्मू वोल्वो रवाना होगी। बस किराये में यात्रियों को 35 फीसदी की छूट दी जा रही है। महज 1475 रुपये प्रति यात्री किराया वसूला जाएगा। वोल्वो शिमला से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और सुबह 5:30 बजे कटड़ा पहुंचेगी। कटड़ा से शिमला के लिए वोल्वो की रवानगी का समय भी शाम 5:30 बजे निर्धारित किया गया है।