फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला में कर रहा था नशे की तस्करी, रंगे हाथ पकड़ा गया HRTC का आरएम

Tue, 02 May 2017 12:38 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल के सोलन में तैनात हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक की सरकारी गाड़ी में 4 किलो 400 ग्राम चिट्टा (कोकीन) बरामद किया गया है। शिमला पुलिस ने रविवार रात शोघी बैरियर पर चेकिंग के दौरान नशे की खेप के साथ एचआरटीसी के आरएम महेंद्र और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार नशे की ये खेप जम्मू-कश्मीर से वाया सोलन शिमला लाई जा रही थी। आरोपी इसे शिमला के एक सप्लायर को देने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसके लिए 30 लाख का सौदा हुआ था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। पुलिस ने बालूगंज थाना में मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया।

पूछताछ के लिए कोर्ट ने आरोपियों को पांच दिन पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उधर, सरकार ने नशे की खेप के साथ पकडे़ अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बताया कि अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी करेंगे।
विज्ञापन

शिमला पुलिस ने लगा रखा था नाका, रंगे हाथ पकड़ा आरएम

एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने बताया कि रविवार रात करीब 1.00 बजे शोघी बैरियर पर नाके के दौरान आरएम सोलन महेंद्र (51) अपनी सरकारी गाड़ी (एचपी64-ए 0336) के साथ पहुंचे।

उनके साथ धर्मशाला निवासी विकास (31), बैजनाथ निवासी राजीव (30) और जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ, तहसील बनी के सुरजन गांव निवासी ग्यासूदीन (30) बैठे थे।

चेकिंग के दौरान गाड़ी में रखे एक बैग से 4 किलो 400 ग्राम चिट्टा (कोकीन) बरामद किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद चिट्टा को जांच के लिए फोरेंसिक लैब जुन्गा भेजा गया है। 

आरएम ने पांव से सीट के नीचे सरकाया बैग
शोघी बैरियर पर चेकिंग के दौरान आरएम गाड़ी में बैठा था। पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी लेने की बात कही। जब पुलिस ने गाड़ी का दरवाजा खोला तो आरएम ने नीचे रखे बैग को अपने पांव से सीट के नीचे धकेल दिया।

इसे पुलिस कर्मियों ने देख लिया और जब बैग खोला तो उसमें प्लास्टिक में लिपटे पांच पैकेट थे। इसमें सफेद रंग का पाउडर था। पुलिस टीम ने उसे सूंघने और चखने के बाद नशीले पदार्थ की पहचान की।

लोकल कनेक्शन निकालकर मंगवाया था जम्मू से चिट्टा  

पुलिस पूछताछ में आरएम ने बताया कि उसका शिमला के एक सप्लायर से संपर्क हुआ था। उसने चिट्टा लाने को कहा। दोनों के  बीच पांच पैकेट लाने का सौदा हुआ।

प्रति पैकेट के छह लाख रुपये मिलने थे। सौदा होने के बाद आरएम ने इसे लाने के लिए कांगड़ा के दो युवकों से संपर्क किया। नशे की खेप के लिए आरएम ने जम्मू-कश्मीर के एक शख्स से संपर्क किया जिसका ससुराल कांगड़ा में है। शिमला से 13 किलोमीटर पीछे शोघी में ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।  

दोबारा तलाशी पर गाड़ी में मिली सैंपल की पुडि़या 
सोमवार दोपहर को जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भजन देव नेगी ने आरएम की गाड़ी की दोबारा तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के लिफाफे में एक पुडि़या मिली जिसमें चुटकी भर चिट्टा मौजूद था। पुलिस का मानना है कि नशे की सप्लाई करने से पहले आरोपियों को सैंपल चेक कराना था। उसके बाद नशा सप्लाई होना था। 
विज्ञापन

पूर्व में भी बर्खास्त हो चुका है आरएम 

परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा है कि परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के वाहन से मादक पदार्थ पकड़े जाने की घटना से निगम की छवि को ठेस पहुंची है।

पथ परिवहन निगम देश भर में अपनी बेहतर सेवाओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस अधिकारी को अनियमितताओं के कारण बर्खास्त किया गया था। साल 2008 में इस अधिकारी को दोबारा बहाल कर दिया गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें