निगम के करसोग स्थित बस अड्डा से यात्रा करने वाले यात्री ई-टिकट मशीनों के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा मिलने से बहुत खुश है। यात्री राजकुमार, घनश्याम, परस राम, युवराज इत्यादी ने बताया कि पहले उन्हें अपने साथ पैसे लेकर चलना पड़ता था और कई बार यदि उनके पास छूटे पैसे नहीं होते थे, तो उन्हे बस किराया वहन करने में काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। बसों में किराया देते समय या बस किराया देने के बाद बचे हुए पैसे वापस लेने के लिए भी छुट्टे पैसे नहीं होने की समस्या से दो चार होना पड़ता था, लेकिन अब निगम की बसों में ई-टिकट मशीनों के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा शुरू होने के बाद इस समस्या से छुटकारा मिला है। निगम की बसों में शुरू की गई कैशलेस व्यवस्था से विशेषकर युवा वर्ग काफी उत्साहित है।
क्षेत्रीय प्रबंधक करसोग डिपो हुमेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को निगम कि बसों में बेहतरीन सुविधाएं देने के भरपूर प्रयास किए जा रहे है। बस अड्डा करसोग से विभिन्न रूटों पर चलने वाली लगभग 50 बसों में ई-टिकट मशीनों के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा को शुरू किया गया है, जिसका लाभ इन बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि निगम की बसों में ई-टिकट मशीनों के माध्यम से यात्रियों के लिए कैशलेस भुगतान की सुविधा आरभ की गई है इसका यात्री लाभ उठा रहे है। बसों में यह सुविधा मिलने से यात्री खुश हैं।