फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla: एचआरटीसी बसों में किराए का अब कैशलेस भुगतान, कर्मियों को डीए; शटल बस सेवा भी शुरू

Thu, 07 Mar 2024 07:10 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

निगम की बसों में सफर करने के लिए लोगों की अब खुले पैसे रखने की टेंशन खत्म हो गई है। अब ई-टिकटिंग मशीनों से किराये का भुगतान कर विवाद और खुले पैसे रखने से छुटकारा मिलेगा। 
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पुराना बस स्टैंड पर एचआरटीसी की विभिन्न सेवाओं का शुभारंभ किया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सफर करने के लिए लोगों की अब खुले पैसे रखने की टेंशन खत्म हो गई है। अब ई-टिकटिंग मशीनों से किराये का भुगतान कर विवाद और खुले पैसे रखने से छुटकारा मिलेगा। क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई और क्यूआर कोड से यात्री बस किराया चुकाएंगे। इसके साथ ही कॉलेज विद्यार्थियों को घंटों एचआरटीसी काउंटरों पर खड़े रहने से भी छुटकारा मिला है। बस पास बनाने विद्यार्थी अब ऑनलाइन आवेदन करेंगे। इसके बाद ऑनलाइन ही बस पास डाउनलोड कर सकेंगे।
विज्ञापन


शिमला लोकल डिपो से गुरुवार को कैशलेस भुगतान और ऑनलाइन बस पास सेवा शुरू हुई है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पुराने बस अड्डे से हिमाचल पथ परिवहन निगम की इन योजनाओं का शुभारंभ किया है। उपमुख्यमंत्री ने ई-टिकटिंग मशीन से बस टिकट ख़रीदा। बस अड्डे से इलेक्ट्रिक बस में सचिवालय तक सफर किया। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यह सुविधा फिलहाल तीन जिलों शिमला, हमीरपुर और ऊना में शुरू की गई है। इसके बाद पूरे राज्य में यह सेवाएं शुरू की जाएंगी।

चार प्रतिशत महंगाई भत्ता
अग्निहोत्री ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से चार प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने की घोषणा की। उन्होंने निगम के प्रबंध निदेशक को आदर्श आचार संहिता लगने से पहले इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर एचआरटीसी प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर, महाप्रबंधक पवन महाजन, निदेशक पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग मानसी सहाय ठाकुर मौजूद रहे।

ऑनलाइन बस पास सुविधा शुरू
कॉलेज विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन बस पास सुविधा की शुरुआत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने दो कॉलेज छात्रों के ऑनलाइन बस पास जनरेट किए। छात्र एचआरटीसी की अधिकारिक बेवसाइट पर जाकर ऑनलाइन बस पास के लिए आवेदन करेंगे। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ऑनलाइन पुष्टि कर निगम को विद्यार्थियों को ऑनलाइन पास जारी करने के लिए कहेगा। पास  विद्यार्थियों के मोबाइल पर उपलब्ध होगा। इसे बस परिचालक की ओर से जांच कर यात्रा की सुविधा देगा। यह सुविधा कॉलेज के छात्रों के साथ-साथ उनके अध्यापकों को भी मिलेगी।

अयोध्या के लिए ऊना और शिमला से भी शुरू होगी बस सेवा
अयोध्या के लिए बस सुविधा का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के साथ हिमाचल पथ परिवहन निगम का समझौता हुआ है। इसके तहत तीन बस का परमिट प्राप्त हुआ है। हमीरपुर से बस सेवा शुरू की गई है। इसके बाद एक बस ऊना से और एक शिमला से भी अयोध्या के लिए चलेगी।

 
विज्ञापन

जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के लिए एचआरटीसी की शटल सर्विस शुरू
वायु मार्ग से शिमला आने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों को अब जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से शिमला पहुंचने के लिए भारी भरकम टैक्सी किराया नहीं चुकाना होगा। एचआरटीसी ने पर्यटन विभाग के सहयोग से ‘ऐरो कनेक्ट’ सेवा शुरू की है। पुराने बस अड्डे से जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के बीच टैंपो ट्रेवलर चलाया जाएगा। इसका प्रति सवारी किराया 200 रुपये तय किया गया है। दिल्ली से जुब्बड़हट्टी का न्यूनतम हवाई किराया 2900 है, जबकि जुब्बड़हट्टी से शिमला का टैक्सी किराया ही 1500 से 2000 चुकाना पड़ता है।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस सेवा की विधिवत शुरूआत की। टैंपो ट्रैवलर पुराना बस स्टैंड शिमला से सुबह 6:30 बजे रवाना होगा और 7:30 बजे जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डा पहुंचेगा। जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डा से 8:30 बजे चलेगा और 9:15 बजे पुराना बस स्टैंड शिमला पहुंचेगा। इसके बाद 10:45 बजे पुराना बस स्टैंड शिमला से रवाना होगा और 11:45 पर जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डा पहुंचेगा। दोपहर 12 बजे जुब्बरहट्टी हवाई अड्डा से चलेगा और दोपहर 01:00 बजे पुराना बस स्टैंड शिमला पहुंचेगा। उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर अतिरिक्त शटल सेवा चलाई जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें