हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के शिमला ग्रामीण डिपो की टापरी-दियोटसिद्ध बस में नशे की हालत में ड्यूटी देने वाले परिचालक राजेंद्र पाल को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा परिचालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
बुधवार को एचआरटीसी की टापरी से दियोटसिद्ध जा रही बस के यात्री टिकट नहीं काटने पर भड़क गए थे। परिचालक नशे की हालत में पिछली सीट पर बेसुध पड़ा था। कंडक्टर को यह भी सुध नहीं थी कि उसकी सीटी और कैश बैग कहां पड़ा है ?
मामला एचआरटीसी के अधिकारियों तक पहुंच गया। यही नहीं, चालक ने दूसरी बस को रुकवाया और उस बस के परिचालक से अपनी बस की सवारियों के टिकट कटवाए। छराबड़ा के पास आरएम ने पुलिस की सहायता से कंडक्टर को उतारा और दूसरे कंडक्टर को बस में भेजा। इसके बाद परिचालक का मेडिकल करवाया गया। इसमें पुष्टि हुई कि वह ड्यूटी के दौरान नशे में था।
एचआरटीसी के शिमला ग्रामीण डिपो के आरएम देवासेन नेगी ने कहा कि शुक्रवार को आरोपी परिचालक को निलंबित कर दिया गया है। कंडक्टर के खिलाफ जल्द ही विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।