इलेक्ट्रिक और डीजल बसों की मरम्मत में आ रही दिक्कतें, बसों की सर्विस के लिए जरूरी सामान की भी है किल्लत बसों की कमी से ग्रामीण क्षेत्रों में लोग परेशान
ब्रेकडाउन होने पर दूसरी बस भेजने की व्यवस्था नहीं अमर उजाला ब्यूरो शिमला। कलपुर्जों की कमी के कारण शिमला मंडल में एचआरटीसी की 60 से अधिक बसें खड़ी हो गई हैं। इन बसों का मरम्मत (मेजर रिपेयर) कार्य होना है। इसके अलावा बसों की नियमित सर्विस के लिए जरूरी सामान की कमी से भी संचालन प्रभावित हो रहा है।
हालत यह है कि शिमला लोकल डिपो में रोजाना करीब 10 फीसदी रूट फेल हो रहे हैं। शिमला लोकल डिपो में करीब 350 रूट हैं। रूट फेल होने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार यदि किसी रूट पर बस तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में खड़ी हो जाती है तो प्रबंधन के पास उसके स्थान पर दूसरी बस भेजने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यात्रियों को निजी बसों या अन्य साधनों से आगे का सफर तय करना पड़ता है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति करने वाली कंपनियां करोड़ों रुपये की देनदारी होने के कारण सामान देने में आनाकानी कर रही हैं। इस वजह से वर्कशॉप में बसों की सामान्य सर्विस के लिए इस्तेमाल होने वाले लुब्रिकेंट, फिल्टर और बैटरी जैसे सामान की भी किल्लत है। वहीं बड़ी मरम्मत के लिए खड़ी बसों को दुरुस्त करने के लिए जरूरी कलपुर्जों की पर्याप्त व्यवस्था लंबे समय से नहीं हो पाई है। इसका असर शिमला लोकल डिपो पर भी पड़ा है। यहां करीब 35 इलेक्ट्रिक और 15 डीजल बसें खड़ी हैं। शिमला-पपलोल, शिमला-सरी, सेदन-शिमला, जतोग-शिमला, शिमला-सरी-ककरेट और आंदड़ी-शिमला समेत कई रूट आए दिन प्रभावित हो रहे हैं। कई रूटों को मजबूरी में क्लब करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादातर लोग एचआरटीसी की बसों पर निर्भर हैं। ऐसे में कलपुर्जों और जरूरी सामान की कमी का सीधा असर ग्रामीण आबादी पर पड़ रहा है। शिमला ग्रामीण डिपो में 87 रूटों का संचालन होता है। इसके लिए डिपो के पास 99 बसें हैं। इनमें से छह से आठ बसें बड़ी तकनीकी खराबी के कारण खड़ी हैं, जबकि छह से सात बसों की पासिंग होनी बाकी है।
शिमला डिपो में 50 बसें खराब
शिमला लोकल डिपो में करीब 350 रूट हैं, जबकि बसों का बेड़ा 193 का है। इनमें से करीब 50 बसें खड़ी होने के कारण अब केवल 143 बसें ही संचालन के लिए उपलब्ध हैं। ऐसे में सभी रूटों पर नियमित बस सेवा देना मुश्किल हो रहा है। प्रबंधन को मजबूरी में किसी दिन एक रूट पर बस भेजनी पड़ती है तो दूसरे दिन किसी अन्य रूट पर सेवा प्रभावित होती है। डिपो में रोजाना करीब 10 फीसदी रूट प्रभावित हो रहे हैं। लोग बसों के इंतजार में घंटों स्टॉपेज पर खड़े रहते हैं, लेकिन बस नहीं आने पर उन्हें निजी बसों या टैक्सियों से सफर करना पड़ता है। तारादेवी डिपो के तहत नेरवा डिपो का संचालन भी होता है। इस क्षेत्र में अपर शिमला के दुर्गम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इलाके शामिल हैं। यहां भी करीब सात बसें तकनीकी खराबी के कारण खड़ी हैं। इस डिपो में करीब 155 रूट हैं, जबकि बसों का बेड़ा लगभग 120 बसों का है। इनमें से सात बसें बड़ी तकनीकी खराबी के कारण खड़ी हैं। इतनी ही बसों की पासिंग होनी बाकी है, जबकि तीन से चार बसों की सर्विस होनी है।
दस गुना तक बढ़े ब्रेकडाउन के मामले
एक समय था जब एचआरटीसी की कोई बस रूट पर खराब होती थी तो इसे गंभीरता से लिया जाता था, लेकिन अब शिमला शहर में आए दिन निगम की बसें सड़कों पर खराब खड़ी दिखाई देती हैं। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बसों के बीच सड़क पर खराब होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। निगम के अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों की तुलना में बसों के ब्रेकडाउन के मामले दस गुना तक बढ़े हैं। मंडलीय कर्मशाला तारादेवी के तकनीकी प्रबंधक अमित चौहान ने बताया कि कंपनियों की ओर से सामान की आपूर्ति में दिक्कत आई थी, लेकिन अब आपूर्ति सामान्य होने लगी है। प्रबंधन की कोशिश रहती है कि बसों की समय रहते मरम्मत करवाई जाए।