लेह-दिल्ली के बीच रोमांच सफर 8 जून से शुरू होगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम का केलांग डिपो गुरुवार सुबह 5:30 बजे केलांग बस अड्डे से देश का सबसे लंबा और ऊंचा लेह-दिल्ली रूट शुरू करेगा। पूजा-पाठ के बाद बस लेह के लिए रवाना की जाएगी। दिल्ली से लेह के बीच 1026 किमी किलोमीटर का सफर बस में मात्र 1740 रुपये देकर कर सकेंगे। 234 दिन बाद चल रही लेह-दिल्ली बस से पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। इस बार यह बस एक सप्ताह पहले चल रही है। पिछले साल 15 जून को सेवा शुरू हुई थी।
30 घंटे के सफर में यात्री और पर्यटक 16,500 फीट ऊंचे बारालाचा, 15,547 फीट नकिल्ला, 17,480 फीट तंगलांगला और 16, 616 फीट ऊंचे लाचुंग दर्रे से होकर बर्फ के नजारों का आनंद ले सकेंगे। निगम ने इस बस को 15 सितंबर 2022 को बंद किया था। क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह 5:30 बजे केलांग बस अड्डा से लेह को रवाना किया जाएगा। यह बस दिल्ली से केलांग सुबह के समय पहुंचेगी। कहा कि बस में तीन चालक और दो परिचालक सेवाएं देंगे। लेह से चलने पर पहला चालक बस को केलांग तक चलेगा। दूसरा केलांग से सुंदरनगर और तीसरा सुंदरनगर से दिल्ली तक बस को चलाएगा। पहला परिचालक लेह से केलांग तक तो दूसरा केलांग से दिल्ली तक सेवा देगा।