प्रदेश भर के करीब 36 हजार से अधिक यूजी अंतिम वर्ष, दूसरे और चौथे सेमेस्टर की रि-अपीयर परीक्षा देने वाले छात्रों और परीक्षा ड्यूटी देने वाले शिक्षक, गैर शिक्षक स्टाफ की सुरक्षा एक बड़ी जिम्मेदारी होगी। कोरोना महामारी के समय में संक्रमण से बचने के लिए सरकार और यूजीसी की ओर से स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी किया है। विवि ने इसे अधिसूचित कर कॉलेजों को इसके मुताबिक ही परीक्षा के इंतजाम करने के निर्देश भी दे दिए हैं। 31 प्वाइंट के इस एसओपी में परीक्षा केंद्र में प्रवेश से लेकर केंद्र छोड़ने तक के लिए अलग अलग इंतजाम करने को कहा गया है।
छात्र को एडमिट कार्ड के आधार पर परीक्षा केंद्र आने जाने की अनुमति होगी, एग्जाम ड्यूटी स्टाफ को स्थानीय प्रशासन पास जारी करेगा। परीक्षा केंद्र के हर कमरों का सैनिटाइजर छिड़काव करना होगा। स्टाफ को मास्क और ग्लव्स की व्यवस्था करनी होगी। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट, स्टाफ रूम, परीक्षा हाल पर सैनिटाइजर की व्यवस्था नियमित तौर पर करनी होगी, हेंडवाश की व्यवस्था, परीक्षा हाल में डेस्क बैंच हाल को समय समय पर सैनिटाइजर का छिड़काव करना होगा, छात्र के बीच एक छात्र या बैंच का गैप रखना होगा। रेलिंग, दरवाजों, लिफ्ट के हैंडल, व्हील चेयर को संक्रमण मुक्त बनाए रखना होगा। डस्टबिन को खाली करवाना होगा।
स्टाफ की वेरिफिकेशन होगी। उनसे शपथ पत्र लिया जाएगा कि वे स्वस्थ हैं, उनकी थर्मल स्कैनिंग होगा। सोशल डिस्टेंस को लेकर साइन बोर्ड केंद्र में लगाने होंगे, छात्र स्टाफ को आरोग्य सेतु एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी। प्रवेश, निकासी द्वार पर थर्मल स्कैनर, सैनिटाइजर, मास्क, ग्लव्स की व्यवस्था करनी होगी। बुखार, जुकाम और खांसी वाले छात्र को अलग कमरे में बिठाने की व्यवस्था करनी होगी।