कंटीन्यूशन फीस 10 तक करवाएं जमा
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र मौहली, खनियारा में अलग-अलग कोर्सों के द्वितीय और चौथे सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं काे हर हाल में 10 जुलाई तक अगले सेमेस्टर की कंटीन्यूशन फीस जमा करवानी होगी। फीस ऑनलाइन ही जमा की जाएगी। दस जुलाई तक फीस जमा न करवाने वाले विद्यार्थियों का नाम काट दिया जाएगा।
इसके बाद दस दिनों तक सिर्फ निदेशक के आदेशानुसार ही तय फीस जमा करवाने का समय दिया जाएगा। उनसे पुन: प्रवेश की सौ रुपये की फीस ली जाएगी। इसके बावजूद जो छात्र फीस जमा नहीं करवाएंगे, उनका नाम स्थायी रूप से कट जाएगा। उन्हें पुन: प्रवेश का मौका नहीं मिलेगा। क्षेत्रीय केंद्र में लॉ, एमबीए समेत विभिन्न पीजी कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इनमें पीजी की इन दिनों परीक्षाएं चल रही हैं। इसमें द्वितीय, चौथे और छठे सेमेस्टर की रेगुलर और ऑड सेमेस्टर की री अपीयर परीक्षाएं जुलाई तक चलेंगी।