हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नवंबर-दिसंबर 2025 में आयोजित विभिन्न स्नातकोत्तर और विधि पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए। विद्यार्थी अपने-अपने लॉगइन आईडी के माध्यम से ऑनलाइन परिणाम देख सकते हैं। घोषित परिणामों में विज्ञान संकाय के विभिन्न विषयों में उच्च सफलता दर दर्ज की गई है। एमएससी रसायन विज्ञान प्रथम सेमेस्टर में 98.65 प्रतिशत तथा द्वितीय सेमेस्टर में 98.95 प्रतिशत परिणाम रहा। एमएससी बॉटनी प्रथम सेमेस्टर में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया, जबकि तृतीय सेमेस्टर में परिणाम 99.60 प्रतिशत रहा। एमएससी जूलॉजी प्रथम सेमेस्टर में 98.85 प्रतिशत और तृतीय सेमेस्टर में 99.63 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया है।
विधि संकाय के अंतर्गत बीए एलएलबी पाठ्यक्रम के विभिन्न सेमेस्टरों के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। बीए एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर में 99.28 प्रतिशत, तृतीय सेमेस्टर में 98.97 प्रतिशत, पांचवें सेमेस्टर में 97.97 प्रतिशत, सातवें सेमेस्टर में 97.35 प्रतिशत तथा नौवें सेमेस्टर में 97.53 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पास प्रतिशत में कंपार्टमेंट मामलों को भी शामिल किया गया है। एमएससी रसायन विज्ञान, बॉटनी और जूलॉजी के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल की ओर से यह सूचना विभागाध्यक्षों, संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और विश्वविद्यालय की वेबसाइट के लिए वेब प्रशासन को भेजी गई है।