हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र रोहित ठाकुर का विश्वविद्यालय क्रिकेट कंबाइंड कैंप के लिए चयन हुआ है। सूरत में 29 मई, 2023 से शुरू होने वाले इस कैंप में रोहित हिस्सा लेगा। यह विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है कि उसके छात्र का चयन राष्ट्रीय कैंप के लिए हुआ है। इस कैंप में यदि रोहित का प्रदर्शन अच्छा रहता है और उसका चयन टीम में होता है तो रोहित विश्व भर के विश्वविद्यालयों की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। रोहित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के बिलासपुर कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। प्रदेश विवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने रोहित ठाकुर के कैंप के लिए चयनित होने पर उसे बधाई दी है और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं, विवि के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशक डा. हरि सिंह और विश्वविद्यालय के क्रिकेट कोच डॉ. विक्रांत भारद्वाज ने रोहित को शुभकामनाएं दी हैं।
साउथ कोरिया में इंदौरा के अश्विनी ने जीता सिल्वर मेडल
वहीं, साउथ कोरिया में आयोजित एशियन पेसिफिक मास्टर गेम्स 2023 में राजकीय महाविद्यालय इंदौरा के शारीरिक शिक्षा के प्राध्यापक डॉ. अश्विनी शर्मा ने डिस्कस थ्रो में सिल्वर मेडल जीतकर महाविद्यालय इंदौरा का नाम रोशन किया है। बुधवार को महाविद्यालय इंदौरा की प्रधानाचार्य प्रवीण कुमारी और समस्त स्टाफ ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने डाॅ. शर्मा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।