प्रशिक्षित नर्सों को आवेदन करने के लिए शुल्क नहीं देना पड़ेगा। कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर से अधिसूचना जारी होने के बाद अब प्रशिक्षु नर्सों से आवेदन की राशि नहीं ली जाएगी। इसकी अधिसूचना 4 जनवरी को जारी हो गई है। कमीशन ने स्पष्ट किया है कि 33-3/2019 के तहत मांगे गए आवेदन में यह प्रक्रिया लागू होगी। जिन प्रशिक्षु महिलाओं ने आवेदन के साथ ऑनलाइन फीस जमा करा दी है, उन्हें यह पैसा वापस लौटाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग में 349 नर्सों के पद भरे जाने हैं। इसमें 307 पद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और 42 पद मेडिकल एजूकेशन में भरे जाएंगे। कमीशन ने इसके लिए 31 दिसंबर तक आवेदन मांगे थे, अब अंतिम तिथि 30 जनवरी निर्धारित की गई है। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि कुछ नर्सों के पद बैचवाइज भी भरे जाने हैं।
इन पदों को भरे जाने से स्वास्थ्य विभाग में नर्सों के रिक्तियां काफी कम हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरा जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग ने डॉक्टरों के वॉक इन इंटरव्यू किए हैं। जल्द इन डॉक्टरों की तैनाती की जानी है। पैरा मेडिकल स्टाफ के साथ साथ रेडियोग्राफरों के पदों को भी भरा जा रहा है।