भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को टी-20 मैच रद्द होने से एचपीसीए को करोड़ों का चूना लग गया। हालांकि, एचपीसीए ने अभी तक नुकसान का आकलन नहीं किया है, लेकिन दो से तीन करोड़ रुपये तक का नुकसान प्राथमिक तौर पर आंका जा रहा है।
इसमें टिकटों के पैसे वापस करने से लेकर यहां पर अन्य प्रबंधों पर हुए खर्च शामिल हैं। रविवार को भारत-दक्षिण अफ्रीका का पहला मैच धर्मशाला स्टेडियम में होना था, लेकिन रविवार को करीब एक बजे शुरू हुई बारिश देर सायं आठ बजे तक जारी रही।
हालांकि, बीच-बीच में बारिश रूकी भी, लेकिन फिर भी मैच नहीं हो सका। इससे मैच के लिए किए गए सभी प्रबंध धरे के धरे रह गए। उधर, एचपीसीए की अंतरिम कमेटी के सदस्य आरपी नेगी ने बताया कि मैच रद्द होने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। करीब एक सप्ताह में असल रिपोर्ट सामने आ जाएगी।
दो साल के लंबे अंतराल ने भी बढ़ाया खर्चा
एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में करीब दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय मैच हो रहा था। ऐसे में एचपीसीए ने मैच को लेकर मैदान में जहां ड्रेनेज सिस्टम सुधारा था। वहीं स्टेडियम में विभिन्न स्टैंड पर मरम्मत कार्य सहित अन्य प्रबंध भी नए सिरे से करने पड़े थे। अंतरराष्ट्रीय मैच में दो साल के अंतराल से भी एचपीसीए को हुए नुकसान का आंकड़ा बढ़ा है।