एसओएस की 23 हजार विद्यार्थी देंगे परीक्षा
25 सितंबर से प्रदेश भर में होने वाली 8वीं, 10वीं और 12वीं की राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की परीक्षा में 23 हजार के करीब अभ्यर्थी बैठेंगे। परीक्षा केंद्रों का गठन किया जा चुका है, जबकि अधीक्षक और उप अधीक्षक बनने के लिए भी बोर्ड प्रबंधन ने आवेदन मांगे हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड एसओएस परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। डेटशीट में एसओएस की परीक्षाएं 25 सितंबर से 15 अक्तूबर तक सुबह के सत्र में 9:45 बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित की जाएंगी। इस दौरान बोर्ड की ओर से राज्य मुक्त की आठवीं, दसवीं, जमा दो कक्षाओं के परीक्षार्थियों की पूर्ण विषय, री-अपीयर, अतिरिक्त विषय, श्रेणी सुधार, विशेष अंक सुधार की परीक्षाएं होंगी। इन परीक्षाओं के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश भर में 200 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में बिलासपुर में 9, चंबा में 19, हमीरपुर में 14, कांगड़ा में 55, किन्नौर में दो, कुल्लू में 14, लाहौल-स्पीति में तीन और मंडी जिले में 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा शिमला में 26, सिरमौर में 13, सोलन में 22 और ऊना जिला में 12 परीक्षा केंद्र बने हैं। बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि एसओएस की परीक्षा सितंबर और अक्तूबर में होंगी। करीब 23 हजार अभ्यर्थी परीक्षा हाल में बैठेंगे।