हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र के तीसरे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की गैर मौजूदगी में सदन के भीतर जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी कांग्रेस ने सदन में विरोध करते हुए वेल में बैठकर नाटकीय ढंग से काल्पनिक सरकार चलाई। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को इस काल्पनिक सरकार का मुख्यमंत्री बनाया गया तो श्री नयनादेवी से कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर स्पीकर बने। काल्पनिक सरकार ने नाटकीय अंदाज में कई फैसले लिए और उन्हें लागू करने का एलान भी कर दिया। घोषणाओं के बाद रामलाल ठाकुर ने कार्यवाही को तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। इससे पहले विपक्षी दल कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव पेश किया।
ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे
आउटसोर्स कर्मियों को अनुबंध पर लाएंगे
पुलिस कांस्टेबलों को नियमित पे बैंड देंगे
एसएमसी शिक्षकों को नियमित किया जाएगा
जयराम सरकार का सारा कर्ज मुख्यमंत्री के खाते में डाला जाएगा
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सदन से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि उपचुनाव में हार के बाद सीएम जयराम ठाकुर का विधानसभा में मन नहीं लग रहा है। इसी वजह से दो दिन से वह यहां होकर भी सदन में नहीं थे और अब अगले तीन दिन वह सदन में आएंगे ही नहीं। सदन को जानकारी ही नहीं दी गई है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इस तरह से डुबकी लगाने से हिमाचल प्रदेश स्वच्छ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चूंकि मुख्यमंत्री सदन में नहीं हैं, ऐसे में कांग्रेस ने काल्पनिक सरकार चलाकर अपनी प्राथमिकता के हर विषय पर फैसले लिए। इन फैसलों को आज से ही लागू भी कर दिया है। अब सीएम जयराम देखें कि उन्हें क्या करना है लेकिन कांग्रेस सत्ता में आते ही इन सभी चीजों को लागू कर देगी।