प्रदेश सरकार ने 544 पटवारियों को नोटिस जारी किए हैं। ये नोटिस अतिरिक्त कार्यभार सर्कलों में सेवाएं न देने पर दिए गए हैं। सरकार ने पटवारियों को दो टूक कहा है कि उन्हें सरकार के आदेश के अनुसार ही सेवाएं देनी होगी। अगर ऐसा नहीं किया तो सरकार सख्ती से पेश आएगी। सरकार की ओर से ये निर्देश सभी जिला उपायुक्त को जारी हुए हैं। अब उपायुक्त इन पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाएंगे।
प्रदेश में 2400 पटवारी और 438 कानूनगो फील्ड में सेवाएं दे रहे हैं। इनके सेवाएं देने के बाद भी प्रदेश में 544 सर्कल खाली चल रहे हैं। इन सर्कलों को सेवाएं देने के लिए सरकार ने 544 पटवारियों को अतिरिक्त सर्कलों का कार्यभार सौंपा है।
लेकिन ये पटवारी अतिरिक्त सर्कलों में सेवाएं देने से मुकर रहे हैं। दो महीने से ये सर्कल बंद पड़े हैं। इन सर्कलों के तहत आने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोग लगातार जिला कार्यालय में आकर शिकायत कर रहे हैं। हालांकि सरकार ने पटवारियों को पहले भी सेवाएं देने के लिए निर्देश जारी किए थे, लेकिन पटवारियों ने अतिरिक्त काम करने से मना कर दिया।