पतंजलि उत्पाद के नमूनों की जांच में हुई देरी से प्रदेश सरकार से खफा है। सरकार ने स्वास्थ्य अधिकारी से इसकी रिपोर्ट तलब की है। सचिवालय में शुक्रवार को पीलिया को लेकर आयोजित हाई पावर कमेटी की बैठक में रामदेव प्रोडेक्ट के सैंपल मामले में काफी चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ने बैठक में पूछा कि क्यों कंडाघाट लैब के अधिकारी मंडी जिले के सैंपल की जांच करने से क्यों इंकार कर रहे हैं? बैठक में लैब अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सैंपल की जांच करने से मना नहीं किया गया।
ऐसे में वास्तविक स्थिति पता करने के लिए उन्होंने मंडी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कंडाघाट को भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट और कंडाघाट में जमा हुए सैंपल की रिपोर्ट तलब की है। ताकि सच्चाई की पता लगाकर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सके। ‘अमर उजाला’ ने बुधवार को सरकार क्यों छिपा रही पतंजलि प्रोडक्ट की रिपोर्ट शीर्षक से इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
इसके बाद प्रदेश सरकार ने खबर पर संज्ञान लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। गौरतलब है कि एक महीना पहले स्वास्थ्य विभाग ने रामदेव के प्रोडेक्ट के सैंपल जुटाए थे, लेकिन अभी तक इसकी रिपोर्ट सरकार को नहीं मिली है। नियमों के मुताबिक 14 दिन के भीतर सैंपल की रिपोर्ट आनी चाहिए। लेकिन कंडाघाट लैब ने अभी तक रिपोर्ट इसकी रिपोर्ट सरकार को नहीं दी है।