राजीव आवास योजना के तहत शिमला के कृष्णानगर वार्ड को स्लम फ्री करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार नगर निगम को फारेस्ट क्लीयरेंस देने को राजी हो गई है।
वीरवार को महापौर संजय चौहान ने इस मुद्दे को लेकर मुख्य सचिव से मुलाकात की। बैठक के दौरान फारेस्ट क्लीयरेंस देने को सहमति बन गई है। कृष्णानगर वार्ड में झुग्गी-झोपड़ियों की जगह 300 पक्के मकान बनाने की योजना है।
राजीव गांधी आवास योजना के तहत कृष्णानगर वार्ड को शहर का मॉडल वार्ड बनाने के लिए 34 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। नौ करोड़ की पहली किस्त नगर निगम को मिल चुकी है।
300 मकान बनाने की है योजना
पायलट परियोजना के तहत 300 मकानों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से 224 मकान रहने के लिए और 76 किराये पर दिए जाएंगे। इसके अलावा सामुदायिक केंद्र में सामुदायिक सभागार, औषधालय, वृद्ध देखभाल गृह, पुस्तकालय, क्रच, सोलर लाइटों और सोलर हीटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। 31 अगस्त 2013 को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कृष्णानगर वार्ड में राजीव आवास योजना का शिलान्यास किया था।
वन विभाग से फारेस्ट क्लीयरेंस नहीं मिलने से मामला लटक गया था। वीरवार को हुई बैठक में उपमहापौर टिकेंद्र पंवर, प्रधान सचिव वन तरुण श्रीधर, आयुक्त अमरजीत सिंह और सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर सहित कई अन्य मौजूद रहे।
ये मिलेंगी सुविधाएं
•तीन सौ पक्के भवन बनेंगे
•कॉलोनी में सामुदायिक भवन
•बच्चों को खेलने के लिए मैदान
•सिलाई सेंटर भवन बनेगा