स्टेट इलैक्ट्रिसिटी बोर्ड इंप्लाइज यूनियन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने कहा कि यूनियन अपना आंदोलन पांच जुलाई को रोहडू से शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड की 48 श्रेणियों के वेतन से जुड़ी विसंगतियां लंबित हैं। यूनियन के साल 2016 में हुए अधिवेशन में मुख्यमंत्री द्वारा इस बारे में घोषणा करने के बावजूद भी वित्त विभाग इन विसंगतियों को जानबूझ कर उलझा रहा है।
इस कारण इन श्रेणियों के कर्मचारियों के वेतनों में कटौती हुई है। कई श्रेणियों के वेतन से रिकवरी तक की जा रही है। यूनियन ने 23 मई को इस मांग को लेकर बोर्ड मुख्यालय शिमला के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रबंधन वर्ग ने इन विसंगतियों को दूर करने के लिए दो सप्ताह के भीतर सर्विस कमेटी और बिजली बोर्ड के निदेशक मंडल की बैठक को बुलाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक यह बैठकें नहीं हो पाई हैं।
यूनियन की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक 14 जून को सोलन मे हुई थी। इस दौरान वेतन विसंगतियों, बोर्ड में लंबित पडे़ करुणामूलक के मामलों और विद्युत उपकेंद्रों में पदों का सृजन करने, बढ़ी हुई ग्रेड पे पर दो वर्ष की शर्त जैसे मुद्दों को लेकर कर्मचारियों में रोष था। इन मुद्दों को लेकर पूरे प्रदेश में जुलाई महीने से आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया गया था।
खरवाड़ा ने कहा कि यूनियन ग्रेड पे की विसंगतियों और अन्य मांगों को लेकर विद्युत वृत्त रोहडू से आंदोलन की शुरुआत करेगी। उसके बाद पूरे प्रदेश के बिजली बोर्ड के वृत्त और मंडल स्तर के कार्यालयों तक ऐसे धरना प्रदर्शन किए जाएंगे। यदि प्रबंधन वर्ग ने समय रहते इन विसंगतियों को दूर नहीं किया तो सितंबर महीने में शिमला में इन मांगों के समर्थन में यूनियन विशाल प्रदर्शन करेगी।