नेता विपक्ष जयराम ठाकुर का पार्टी पर कंट्रोल नहीं रहा: सीएम
सुक्खू ने राज्यपाल के अभिभाषण पर लाए धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि नेता विपक्ष जयराम ठाकुर का पार्टी पर कंट्रोल नहीं रहा है। मेरी हमेशा उनके साथ सहानुभूति रही है। भाजपा नेता पांच गुटों में बंटे हैं। विधानसभा में प्रवेश करने से पहले लड़कर आते हैं। कांग्रेस से गए खिलाड़ी भाजपा में अच्छा खेल रहे हैं। उन्हें मालूम है किसे गोल करना है और किसे आउट। पूर्व भाजपा सरकार ने हिमाचल की संपदा को लुटाया है। हम संपदा को नहीं लुटने देंगे। सरकार एसजेवीएन के सुन्नी-लुहरी व धौला सिद्ध प्रोजेक्ट को टेक ओवर करेगी। 5,000 करोड़ रुपये के लिए 50 हजार करोड़ रुपये की प्रदेश की संपदा को निजी कंपनी को लूटने नहीं देंगे। जब हम तीनों प्रोजेक्ट के अधिग्रहण के लिए तैयार हैं तो एसजेवीएनएल उन्हें देने में आनाकानी कर रही है और 12 फीसदी फ्री रॉयल्टी के अलावा एक फीसदी लोकल एरिया डवलपमेंट फंड भी देने को तैयार है, लेकिन सरकार अब प्रोजेक्ट्स का अधिग्रहण ही करेगी। ढगवार मिल्क प्लांट में किसानों से खरीदे जाने वाले दूध से विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनेंगे।
हिमाचल में बंद नहीं होगी पुरानी पेंशन योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ओपीएस को कभी वापस नहीं लेगी। भाजपा जितना मर्जी दबाव केंद्र सरकार के माध्यम से हम पर बना ले। हमने ओपीएस को सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकारी कर्मचारियों को दिया है, राजनीतिक लाभ के लिए नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पंचायतों का गठन जरूरत आधारित किया गया। पंचायतों की दूरी अधिक नहीं होनी चाहिए, कुछ पंचायतों का कुल दायरा 40 किलोमीटर तक भी था। जब दूरी इतनी होगी तो पंचायतों की ग्राम सभा की बैठक में लोग शामिल कब होंगे।
विधायक बिक्रम से मांगे 10 करोड़ में रोबोटिक सर्जरी मशीन की खरीद के दस्तावेज
मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायक बिक्रम सिंह से 10 करोड़ रुपये में रोबोटिक सर्जरी मशीन की खरीद के दस्तावेज उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि 25 मार्च तक वह सदन में मशीन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध करवाएं, अन्यथा उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द होनी चाहिए। सीएम ने कहा कि बिक्रम सिंह बिना ब्रेक की गाड़ी हैं। बोलते समय रुकते नहीं, कुछ भी बोल देते हैं। हमारी सरकार ने रोबोटिक सर्जरी की मशीन 27 करोड़ रुपये में खरीदी है, उसी कंपनी द विंची की मशीन एम्स दिल्ली में 28 करोड़ रुपये में खरीदी गई है। उधर, बिक्रम ठाकुर ने कहा था कि दस करोड़ रुपये में द विंची की मशीन उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने विधायक दीपराज को सही भाषा का इस्तेमाल करने की भी हिदायत दी।
कांगड़ा एयरपोर्ट के पास बेनामी सौदों की जांच में हो रहे खुलासे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के पास गरीब लोगों की जमीन कौड़ियों के भाव कुछ लोगों ने खरीदी है। सरकार इसकी विस्तृत जांच करा रही है। गगरेट के कांग्रेस विधायक राकेश कालिया ने यह मामला उठाया था। उनका संदर्भ कुछ और था, लेकिन जांच में बड़े खुलासे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक या दो घरेलू बिजली मीटरों पर सब्सिडी देने का विचार हो रहा है। 125 यूनिट बिजली निशुल्क दी जा रही है। कई लोगों ने आकर कहा कि सब्सिडी को बंद किया जाना चाहिए। सरकार इस मामले पर विचार कर जल्द फैसला लेगी।
हम हिमाचल नहीं कांग्रेस विरोधी : जयराम
राज्यपाल के अभिभाषण पर मुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर सदन से बाहर जाकर नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हमें हिमाचल विरोधी कह रहे हैं। उनके कहने से नहीं चलेगा। ये हिमाचल हमारे दिल में है। हिमाचल के हितों की रक्षा करना हमारा दायित्व है। ये हम जिम्मेवारी के साथ कह रहे हैं। हम जरूर कांग्रेस विरोधी हो सकते हैं हिमाचल विरोधी नहीं। मुख्यमंत्री हर वक्त झूठ बोलते हैं। अपनी आदत के अनुसार उन्होंने आज भी कहा कि आपदा की घड़ी में भाजपा ने साथ नहीं दिया। हम काफी देर शांत रहे और कोई व्यवधान पैदा नहीं किया लेकिन मुख्यमंत्री कहने लगे आपने आपदा के दौरान कुछ नहीं किया। जब हमने कहना शुरू किया कि क्या आपदा के दौरान काम करना सरकार का दायित्व नहीं है क्या। आपने नया क्या किया। नेता विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे कि आप आपदा के दौरान खड़े नहीं हुए तो मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि हमारे लोगों ने आपदा में कई-कई किलोमीटर पैदल चलकर प्रभावितों की मदद की है। कांग्रेस के नेता कहीं दिखाई नहीं दिए। आपने आपदा प्रभावितों पर आवाज उठाने पर भी तीन-तीन मामले दर्ज कर दिए। आज भी वो बेघर लोग थानों के चक्कर काट रहे हैं। इस सरकार का ऐसा असंवेदनशील चेहरा सबके सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने गलत कामों पर पर्दा डालने की आदत हो गई है जिसे विपक्ष हटाना जानता है।