बजट पर चर्चा के दौरान सोमवार को सत्ता पक्ष के विधायक सुरेश कुमार और विपक्ष के विधायक विनोद कुमार के बीच पाॅलीहाउस निर्माण के लिए योजना पर तीखी नोकझोंक हुई। दरअसल विनोद कुमार ने चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि पॉलीहाउस योजना को लेकर बजट में अनदेखी की गई है। इसके बाद चर्चा के दौरान भोरंज के कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने भाजपा विधायक विनोद कुमार के बयान पर कटाक्ष किया। इस पर दोनों के बीच बहस हो गई।
भाजपा विधायक ने कहा - अगर मैं झूठ बोल रहा हूं तो अभी इस्तीफा दे दूंगा। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि न तो कर्मचारियों के खिलाफ बोला गया है और न ही किसी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। इसलिए सत्तापक्ष के विधायकों को भी संयम के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पयानिया ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे। केंद्र से ऋण की सीमा कम करना बेरोजगारों और अन्य वर्गों के साथ कुठाराघातशिमला। कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से पेश किए बजट को मील का पत्थर साबित होने वाला करार दिया है।
बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। मनरेगा की दिहाड़ी में 25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की ज्यादा आबादी गांव में बसती है। इस बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रावधान है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने लोन की सीमा कम की है। लोन की लिमिट कम करने से बेरोजगारों और अन्य वर्गों के साथ कुठाराघात हुआ है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए राजीव गांधी स्टार्टअप योजना शुरू की गई है।
भाजपा सरकार ने की जनता की अनदेखी
भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने कहा है कि बजट में जनता की अनदेखी हुई है। कांग्रेस जिन गारंटियों के साथ सत्ता में आई है। आज उन्हीं से जनता को ठगा गया है। उन्होंने बजट को निराशाजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर माह 1500, किसानों के साथ 100 लीटर रुपये दूध और गोबर खरीदने के झूठे वायदे किए गए हैं। एक लाख युवाओं को रोजगार की बात कही गई, लेकिन 14 माह का कार्यकाल बीतने के बाद भी कुछ नहीं हुआ है।
जिला परिषद से लेकर वार्ड पंच तक के वेतन में बढ़ोतरी की : राम कुमार
मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार ने कहा कि बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। कामगारों की दिहाड़ी 300 रुपये की गई है। जिला परिषद से लेकर वार्ड पंच तक के वेतन में बढ़ोतरी की गई है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के बजट में कदम उठाए गए हैं। दूध को एमएसपी के दायरे में लाने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है।
बजट खोदा पहाड़ निकली चुहिया जैसा : विनोद
भाजपा विधायक विनोद कुमार ने कहा कि सरकार ने 14 माह के कार्यकाल में 14 हजार करोड़ का बोझ डाल दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो बजट पेश किया है, वह खोदा पहाड़ निकली चुहिया जैसा है। बजट में आमजन के लिए जो सुविधा होनी चाहिए थी, वह नजर नहीं आई। योजनाओं के नाम बदलने से किसानों की आय डबल नहीं होने वाली है। सरकार या तो अपने चुनावी वायदे के अनुरूप प्रतिवर्ष एक लाख युवाओं को रोजगार दे या फिर इस गारंटी को मिटा दे। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग को ठगने का काम किया है और किसी का कोई ध्यान नहीं रखा गया है।
जनहित बजट पेश किया सीएम ने : किशोरी
- मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हर वर्ग का राहत देने वाला बजट पेश किया है। जनता इस बजट की सराहना कर रहीं है। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना का भी उल्लेख किया है। किसानों की आय में बढ़ोतरी कटने के लिए गाय और दूध के दाम बढ़ाए हैं। कांगड़ा को पर्यटन राजधानी घोषित किया है।
राहत मैनुअल में किया संशोधन किया : ठाकुर
विधायक केएल ठाकुर ने कहा कि सरकार ने बजट में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि बढ़ोतरी किया जाना सराहनीय कदम है। सरकार सोलर एनर्जी की तरफ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आपदा में सरकार ने बेहतर ढंग से काम किया और प्रभावितों को राहत देने के लिए रिलीफ मैनुअल तक में संशोधन किया गया है।
सुक्खू सरकार को नहीं जनता की फिक्र : शौरी
भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सुक्खू सरकार को जनता की फिक्र नहीं है। सरकार अपने पहले बजट की ही कई घोषणाएं धरातल पर नहीं उतार पाई। अब नई घोषणा कर जनता को गुमराह किया गया है। बजट में पर्यटन को लेकर कुछ नहीं है। पर्यटन उद्योग की रोजगार और प्रदेश की आर्थिकी में अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को सरकार का नीतिगत दस्तावेज बताया है। विधानसभा चुनाव में जो गारंटियों जनता को दीं, उनका बजट में कोई जिक्र ही नहीं है।