जनजातीय क्षेत्र पांगी की 42 सड़कों समेत जिले के कुल 44 मार्गाें पर बर्फबारी और बारिश से वाहनों के पहिए जाम हो चुके हैं। वहीं, जिले के 300 गांवों में बिजली ठप है। उधर, लाहौल स्पीति जिले की कौमिक-हिक्किम सड़क पर फंसे तीन पर्यटकों को पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर कौमिक गांव पहुंचाया। सभी अब होम स्टे में रह रहे हैं। लाहौल-स्पीति में बर्फीला तूफान चलने से सोमवार शाम करीब 4:00 बजे तिंदी पंचायत के हाई स्कूल भुजुंड की छत उड़ गई। घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। उस वक्त स्कूल बंद हो गया था।
आज के लिए रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का दावा है कि आज प्रदेश के कई भागों में भारी से बहुत भारी बारिश-बर्फबारी, 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का रेड अलर्ट है। वहीं, 20 फरवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और 21 के लिए अंधड़ व बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 22 फरवरी को भी प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है।उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 24 फरवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना है। राजधानी शिमला में आज सुबह से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं। बीच-बीच में धूप खिल रही है।
साउथ पोर्टल में करीब 30 सेंटीमीटर बर्फबारी होने से अटल टनल रोहतांग बंद हो गई है। आनी-कुल्लू हाईवे-305 जलोड़ी दर्रा में बंद हो गया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने भारी बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए उपमंडल केलांग और उदयपुर के सभी शैक्षणिक संस्थानों को 20 और 21 फरवरी को बंद रखने का निर्णय लिया है। बर्फबारी से कई इलाकों में हिमखंड खिसकने का खतरा बना हुआ है। लाहौल घाटी में अभी तक 30 से 60 सेंटीमीटर तक बर्फ गिर चुकी है। सीमा सड़क संगठन के मेजर रवि शंकर ने बताया कि स्तींगरी से तांदी जीरो प्वाइंट तक सड़क बहाल कर दी है।
उधर, प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में अंधड़ चलने से बारिश और बर्फबारी की संभावना कम हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। यहां कई क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। अंधड़ चलने से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना कम हुई है। 26 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के आसार हैं। आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में भी कमी आएगी।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.2, सुंदरनगर 9.6, भुंतर 6.5, कल्पा 0.5, धर्मशाला 11.2, ऊना 9.0, नाहन 10.1, पालमपुर 11.0, सोलन 7.5, मनाली 2.8, कांगड़ा 13.8, मंडी 9.8, बिलासपुर 11.0, चंबा 9.9, डलहौजी 2.8, जुब्बड़हट्टी 9.4, कुफरी 4.4, कुकुमसेरी -0.5, नारकंडा 2.2, भरमौर 3.2, रिकांगपिओ 3.5, सेऊबाग 7.8, धौलाकुआं 13.0, बरठीं 10.7, समदो 2.4, मशोबरा 9.8, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 2.5 और देहरागोपीपुर में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
लाहौल घाटी में भारी बर्फबारी।
- फोटो : संवाद