हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में बुधवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने बाहर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व भाजपा विधायक हाथों में कांग्रेस की 10 गारंटियां लिखीं तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे। इस दौरान विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार का पहला बजट झूठ की गारंटी रहा है।
कोई भी कार्य नहीं हुआ। हाल ही में प्रस्तुत दूसरे बजट में पहले बजट की ही बातें कही गईं। यह लूट की गारंटी है। जयराम ने कहा कि किसी भी गारंटी में कुछ नहीं हुआ और उपर से झूठा बजट व आंकड़े पेश करके हिमाचल की जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, इसका विरोध करते हैं। सदन में सत्तापक्ष की ओर से गैर जिम्मेदाराना तरीके से जवाब दिए जा रहे हैं, जिसमें कोई सच्चाई नहीं।
विज्ञापन
सदन में भी हंगामा, नारेबाजी करते हुए गए बाहर
उधर, सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया। सदन में विपक्ष की ओर से नारेबाजी की गई और इसके बाद भाजपा सदस्य बाहर चले गए।