कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत मशियार में काष्ठकुणी शैली के एक मकान में आग लग गई। आग की भयंकर लपटों में ढाई मंजिला मकान और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में पांच लाख की नकदी सहित 15 लाख के नुकसान का अनुमान है। सरूट गांव में रविवार की सुबह 08:00 बजे काष्ठकुणी के मकान में तंदूर के कारण आग भड़क गई।
परिजनों ने खाना बनाने के लिए तंदूर जला रखा था। इसके उपरांत वे सेब का तुड़ान करने के लिए बगीचे में चले गए, लेकिन तंदूर की आग के चलते मकान में आग भड़क गई। आग को भड़काने में गैस सिलिंडर ने घी का काम कर दिया। सिलिंडर फटने से देखते ही देखते पूरे मकान को आग की लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया।
हालांकि मकान से धुआं और आग की लपटें उठता देख ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। उनकी घंटों की कोशिश नाकाफी साबित हुई। यह जरूर है कि घर में उपस्थित बुजुर्ग महिला और बच्चों को आग की चपेट में आने से बचाया गया है, जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्राम पंचायत मशियार के उपप्रधान वीर सिंह ठाकुर ने कहा कि गांव सरूट सड़क से दूर है। सड़क होती तो मकान को बचाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि अग्निकांड में जयपाल पुत्र बुद्धि सिंह गांव सरूट, तहसील बंजार का ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया।
परिवार को 10,000 रुपये की फौरी राहत
मशियार के सरूट में अग्निकांड की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया गया है। अग्निकांड में पांच लाख की नकदी, सोने-चांदी के आभूषणों समेत 15 लाख का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवार को 10,000 की फौरी राहत दी गई है।
- पृथी चंद, नायब तहसीलदार बंजार।