एचपीटीडीसी के एमडी डॉ. राजीव कुमार व अन्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम (एचपीटीडीसी) का होटल कारोबार कोविड के बाद से लगातार घाटे में चल रहा है। इस समय निगम के पास प्रदेशभर में 56 होटल हैं। एचपीटीडीसी के होटलों में लगातार बुकिंग कम आ रही है। इस समय निगम के होटलों में स्टाफ की कमी और प्रचार नहीं होना भी कारोबार में गिरावट के मुख्य कारण है।
इस स्थिति को सुधारने के लिए एचपीटीडीसी के एमडी डॉ. राजीव कुमार फील्ड में उतर गए हैं। इस दौरान उन्होंने लाहौल स्पिति और मनाली में निगम की कई संपत्तियों का दौरा किया है। इसमें मनाली में ट्रांसपोर्ट वर्क शॉप लॉग हाउस, हिडिंबा कॉटेज, मनालसु, कुनजम क्लब हॉउस, नगर कैसल, कैफे मोनाल सरवारी, सिल्वर मून, पिरडी और लाहौल स्पिति में जिस्पा, केलैंड और कैटरीना में विकास कार्यों की संभावना को देखते हुए यह दौरा किया है।
इस दौरान सरकार के विभागों की सहायता से बुकिंग बढ़ाने के लिए उपायुक्त और डीटीडीओ कुल्लू के साथ बातचीत हुई। एचपीटीडीसी इन क्षेत्रों में नए रेस्टोरेंट और कैफेटेरिया खोलने पर काम कर रहा है। इस दौरे में एचपीटीडीसी के कर्मचारियों को होटलों के प्रचार के लिए अलग-अलग संस्थानों में जाने और निगम की ओर से मिलने वाली सुविधाओं से अवगत करवाने को कहा गया। होटलों में बुकिंग बढ़ाने के लिए आधुनिक सुविधाओं को मुहैया करवाने की ओर काम किया जा रहा है।